महाकुंभ में लगी आग: 20-25 गैस सिलिंडर ब्लास्ट, कई टेंट जले
फायर बिग्रेड की कई गाड़ियां मौके पर, शास्त्री पुल- रेलवे पुल के बीच की घटना
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में लगे महाकुंभ मेला के दौरान बड़ी घटना सामने आई है। शास्त्री पुल और रेलवे पुल के बीच रविवार को आग लग गई। इस आग में कई टेंट के जलने का मामला सामने आ रहा है। मौके पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां पहुंच गई है। आग लगने की घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। इलाके में मौजूद लोगों और साधु संतों को बाहर निकल गया है। अभी तक किसी प्रकार के जानी नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है। महाकुंभ में हर रोज लाखों की संख्या में श्रद्धालु पवित्र संगम तट पर स्नान करने पहुंच रहे हैं। ऐसे में आग लगने की घटना ने हलचल बढ़ा दी है।
महाकुंभ में सेक्टर-19 तुलसी मार्ग स्थित विवेकानंद सेवा समिति, वाराणसी के शिविर में आग लगने के बाद 20-25 गैस सिलिंडर लगातार ब्लास्ट हुए। इससे आग अधिक भड़कने की बात कही जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग लगने के बाद यहां लगातार विस्फोट हुए। इससे मौजूद लोग सहम गए। हालांकि, फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को बढ़ने से रोक दिया है।
लेकिन अभी तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। 13 जनवरी से शुरू हुए महाकुंभ मेला के पहले रविवार को संगम क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। महाकुंभ मेला क्षेत्र में आए हुए सभी श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई है। रविवार को लगभग 40 लाख श्रद्धालु महाकुंभ मेला क्षेत्र में पहुंचे हैं। मौके पर कोई भी अनहोनी नहीं हुई है। दावा किया जा रहा है कि आगजनी की इस घटना में लाखों का नुकसान हुआ है।
