February 19, 2026

महाकुंभ को लेकर भारत सहित पूरी दुनिया में जिज्ञासा

33 लाख से ज्यादा लोगों ने खंगाली वेबसाइट

महाकुंभ नगर: विश्व के सबसे बड़े धार्मिक समागम प्रयागराज महाकुंभ को लेकर भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लोगों में जिज्ञासा है। इसे शांत करने के लिए लोग इंटरनेट पर महाकुंभ की वेबसाइट के जरिए इसके बारे में जानकारी हासिल कर रहे हैं।

महाकुंभ की वेबसाइट संभाल रही तकनीकी टीम के एक प्रतिनिधि के अनुसार 4 जनवरी, 2025 तक 183 देशों के 33 लाख से ज्यादा लोगों ने वेबसाइट पर आकर इस विषय में जानकारी हासिल की है। इन देशों में यूरोप, अमेरिका व अफ्रीका समेत सभी महाद्वीप के लोग शामिल हैं। ये सभी लोग भारत समेत पूरी दुनिया के 183 देशों से हैं तथा इन 183 देशों में 6,206 शहरों से इस वेबसाइट पर लोग आए हैं और उन्होंने यहां काफी समय भी बिताया है।

तकनीकी टीम के प्रतिनिधि के मुताबिक, वेबसाइट पर आने वाले शीर्ष पांच देशों में पहले नंबर पर भारत है, जबकि इसके बाद अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और जर्मनी से लाखों लोग प्रतिदिन इस वेबसाइट पर आकर महाकुंभ के बारे में जानकारियां जुटा रहे हैं। तकनीकी टीम के अनुसार 6 अक्टूबर, 2024 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस वेबसाइट का शुभारंभ किया था जिसके बाद से बड़ी संख्या में लोग इस वेबसाइट पर आ रहे हैं। महाकुंभ के करीब आने के साथ इसे खंगालने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है।

टीम ने बताया कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार इस महाकुंभ को ‘डिजिटल महाकुंभ’ के रूप में प्रस्तुत कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई डिजिटल मंच बनाए गए हैं और इसी में महाकुम्भ की आधिकारिक वेबसाइट भी है। इस वेबसाइट पर श्रद्धालुओं के लिए महाकुम्भ से संबंधित सभी जानकारियां उपलब्ध कराई गई हैं।

इसमें कुंभ से जुड़ी परंपराओं, कुंभ की महत्ता, आध्यात्मिक गुरुओं के साथ-साथ कुंभ पर किए गए अध्ययन की विस्तृत जानकारियां दी गई हैं। यही नहीं, महाकुंभ के दौरान प्रमुख आकर्षण, प्रमुख स्नान पर्व, क्या करें-क्या नहीं करें और कलाकृतियों को विस्तार से बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *