बीएसएफ करवा रही है पश्चिम बंगाल में घुसपैठ: ममता बनर्जी
कोलकाता: पिछले दिनों केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि बांग्लादेश से घुसपैठ बंगाल में शांति को बाधित कर रही है। इसके जवाब में आज पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए बीएसएफ पर बड़ा आरोप लगाया है। ममता ने कहा कि लोग इस्लामपुर, सीताई, चोपड़ा के रास्ते से बंगाल में घुस रहे हैं, लेकिन कोई कुछ नहीं कर रहा। ममता ने कहा कि सीमा बीएसएफ के हाथ में है और आरोप हमारे पर लगाए जा रहे हैं।
अगर किसी को लगता है कि लोग बंगाल में घुसपैठ कर रहे हैं और तृणमूल को बदनाम कर रहे हैं, तो उन्हें चेतावनी दी जानी चाहिए कि तृणमूल कांग्रेस ये काम नहीं करती है।
ममता ने केंद्रीय बलों पर राज्य को अस्थिर करने के लिए बांग्लादेशी आतंकवादियों को बंगाल में घुसने देने तक का आरोप लगाया। राज्य सचिवालय नवान्न में प्रशासनिक बैठक के दौरान ममता ने इसे केंद्र की नापाक योजना बताते हुए कहा कि भारत-बांग्लादेश सीमा की रक्षा करने वाली बीएसएफ बंगाल में घुसपैठ की इजाजत दे रही है।
ममता ने कहा कि बीएसएफ विभिन्न क्षेत्रों से बंगाल में घुसपैठ की अनुमति दे रही है और महिलाओं पर अत्याचार कर रही है। टीएमसी सीमाओं की रक्षा नहीं कर रही है। सीमा हमारे हाथ में नहीं है। इसलिए यदि कोई टीएमसी पर घुसपैठ की अनुमति देने का आरोप लगाता है तो मैं बताऊंगी कि यह बीएसएफ की जिम्मेदारी है।
ममता ने कहा कि मैं राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से कहूंगी कि मामले की जांच करें और पता लगाए कि बीएसएफ द्वारा किन इलाकों से घुसपैठ कराई जा रही है। ममता ने कहा कि पुलिस के पास सारी जानकारी है। मुझे डीजीपी और स्थानीय स्रोतों से जानकारी मिली है। मैं इस संबंध में केंद्र को एक कड़ा पत्र भी लिखूंगी।
