February 16, 2026

शेयर बाजार में निवेशकों ने कमाए 37,000 करोड़

मुंबई: घरेलू बेंचमार्क सूचकांक गुरुवार को सपाट बंद हुए। कारोबार के अंत में निफ्टी पर आईटी, एफएमसीजी, मेटल, मीडिया और प्राइवेट बैंक सेक्टर में बिकवाली देखी गई। अदाणी पोर्ट्स टॉप गेनर्स की लिस्ट में सबसे आगे रहा। अदाणी पोर्ट्स का शेयर 5 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 1,243.90 रूपये पर बंद हुआ। अदाणी ग्रीन एनर्जी का शेयर 33.20 रूपये की बढ़त के साथ 1,064.30 रूपये पर बंद हुआ। शेयर बाजार के निवेशक आज कुल करीब 37,000 करोड़ रूपये के फायदे में रहे। ब्रॉडर मार्केट में मिला जुला रुख रहा।

बाजार के जानकारों के अनुसार, साल के आखिरी एक्सपायरी के दिन, घरेलू बाजार में दिन भर स्थिरता बनी रही, जबकि अन्य बाजारों में छुट्टियां थीं और प्रमुख घरेलू या वैश्विक ट्रिगर्स की कमी थी। ऑटो शेयरों में हाल ही में हुए सुधारों से लाभ देखा गया। सेक्टोरल फ्रंट पर, निफ्टी पर ऑटो, पीएसयू बैंक, फाइनेंशियल सर्विस, फार्मा, रियल्टी, एनर्जी, इंफ्रा और कमोडिटीज सेक्टर में खरीदारी देखी गई। सेंसेक्स पैक में, अदाणी पोर्ट्स, एमएंडएम, मारुति सुजुकी, सन फार्मा, भारती एयरटेल, टाटा मोटर्स, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्रा टेक सीमेंट, पावर ग्रिड, एचसीएल टेक, एसबीआई और टाटा स्टील टॉप गेनर्स थे। जबकि, टाइटन, एशियन पेंट्स, जोमैटो, टेक महिंद्रा, नेस्ले इंडिया और रिलायंस टॉप लूजर्स थे। जानकारों ने बताया, “अमेरिकी डॉलर इंडेक्स में मजबूती, संभावित प्रतिकूल टैरिफ और 2025 में दरों में कटौती को देखते हुए एफआईआई आउटफ्लो और रुपये में गिरावट को लेकर चिंता बनी हुई है, जिससे बाजार में सुस्ती का रुख रहा।” विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) ने 24 दिसंबर को 2,454.21 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने उसी दिन 2,819.25 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 26 दिसंबर को बढ़कर 442.08 लाख करोड़ रूपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार 24 दिसंबर को 441.71 लाख करोड़ रूपये था। इस तरह बीसीई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 37,000 करोड़ रूपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 37,000 करोड़ रूपये का इजाफा हुआ है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *