आतंकवाद पर आखिरी वार के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस तैयार
आतंकवाद के खात्मे के लिए पुलिस को मिलेंगे अत्याधुनिक हथियार
जम्मू: प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पड़ोसी देश के छद्म युद्ध का सामना कर रही जम्मू-कश्मीर पुलिस को और सशक्त बनाने के लिए जल्द अत्याधुनिक विशेष बम निरोधक वाहन मिलेंगे। इस के लिए अत्याधुनिक नाइट विजन डिवाइस, लाइटिंग सिस्टम और कार्डन लाइट खरीदी जा रही हैं। यह सारा साजो सामान पुलिस के आधुनिकीकरण की प्रक्रिया व उसकी आपरेशनल क्षमता में सुधार के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। बता दें कि गृह मंत्रालय ने पुलिस के आधुनिकीकरण के लिए यथा संभव उपाय करने और संबंधित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया है।
उपराज्यपाल ने गत दिनों प्रदेश के सुरक्षा परिदृश्य का जायजा लेते पुलिस के आधुनिकीकरण के संदर्भ में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। सूत्रों ने बताया कि पुलिस संगठन दो विशेष बम निरोधक वाहन खरीदने जा रहा है। इनमें एक जम्मू में और एक घाटी में तैनात रहेगा।
यह अत्याधुनिक वाहन किसी भी परिस्थिति में विस्फोटकों का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय बनाने में बम निरोधक दस्ते की क्षमता को बेहतर बनाएगा। इसमें अत्याधुनिक सेंसर, कैमरे, जैमर की सुविधा होगी। यह विस्फोटरोधी भी होगा।
प्रदेश में किसी भी उबड़-खाबड़, रेतीले,पहाड़ी और भीड़ भरे रास्तों में चलने में समर्थ 40 बुलेट प्रूफ हल्के मोटर वाहन खरीदे जा रहे हैं। यह बुलेट प्रूफ वाहन प्रत्येक पुलिस स्टेशन, डीएसपी रैंक के अधिकारियों के लिए खरीदे जा रहे बुलेट प्रूफ वाहनों के अतिरिक्त हैं। इनके लिए निविदाएं जारी की गई हैं। इसके अलावा पुलिस को अत्याधुनिक दूरबीन और नाइट विजन डिवाइस उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह नाइट विजन डिवाइस रात व कम रोशनी की स्थिति में निगरानी करने विशेषकर रात को आतंकरोधी अभियानों में उनकी क्षमता में सुधार लाएंगे।
जिन 40 नए बुलेट प्रूफ वाहनों को खरीदा जा रहा है, वे सामरिक और अर्ध-सामरिक दोनों उच्च जोखिम वाले अभियानों के दौरान कर्मियों की गतिशीलता को बढ़ाने और उनके सुरक्षा को सुनिश्चित बनाने के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन किए हैं। इससे पुलिस विभिन्न इलाकों में ऑपरेशनल गतिविधियों को बेहतर तरीके से अंजाम दे पाएगी।
