विद्यार्थियों को अच्छे पोषण एवं स्वास्थ्य के बारे में जागरूक किया गया
राज घई, कीरतपुर साहिब, डॉ. तरसेम सिंह सिविल सर्जन रूपनगर के मार्गदर्शन में डॉ. दलजीत कौर सीनियर मेडिकल अधिकारी कीरतपुर साहिब के नेतृत्व में सीनियर सेकेंडरी स्कूल मस्सेवाल में स्कूली बच्चों को अच्छे पोषण और स्वास्थ्य शिक्षा के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर डॉ. अनु शर्मा ने विद्यार्थियों को संतुलित आहार के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए फलों और हरी सब्जियों का प्रयोग करना चाहिए, बाहरी जंक फूड का प्रयोग नहीं करना चाहिए। इसके साथ-साथ शरीर की साफ-सफाई भी जरूरी है। इस मौके पर उन्होंने हाथ धोने की तकनीक भी बताई। उन्होंने कहा कि पोषण अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली का केंद्र है। यह शरीर को ऊर्जा प्रदान कर उसे मजबूत बनाता है।
उन्होंने कहा कि तले हुए भोजन और फास्ट फूड से बचें, नमक और चीनी का प्रयोग कम करें। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार संतुलित आहार और शारीरिक गतिविधि की कमी के कारण रक्तचाप, मधुमेह और मोटापा जैसे गैर-संचारी रोग होने का खतरा रहता है। इसलिए सदैव “संतुलित आहार” पर विशेष ध्यान देना चाहिए। इस मौके पर हरजीत कौर स्टाफ नर्स व स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।
