December 23, 2025

जालंधर में आम आदमी पार्टी वर्कर को मारी गोली

घर में घुसकर किए दो फायर, पुरानी रंजिश में गांव के युवकों ने की वारदात

जालंधर: पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पर हमला हुआ है। हमलावरों ने आप कार्यकर्ता के घर में घुसकर उसे गोली मार दी। जालंधर के थाना सदर जमशेर की चौकी जंडियाला के गांव पट्टी साहन निवासी विवेक मट्टू पर गांव के ही कुछ युवकों ने घर में घुसकर गोली मार दी। आरोपियों ने दो फायर किए, जिसमें एक गोली विवेक के पैर में लगी। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल विवेक को परिजनों ने सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। थाना सदर प्रभारी सुरेश कुमार और जंडियाला चौकी के प्रभारी जसवीर चंद मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने घटना स्थल से गोली के खोल बरामद किए हैं। वहीं गोली चलाने वाले दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एसीपी कैंट बबनदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को कंट्रोल रूम पर हमले की सूचना मिली थी। पुलिस को दिए बयानों में विवेक मट्टू ने कहा कि गांव के ही मनी बावा और बिल्ला नाम के युवकों के साथ रंजिश चल रही है। तीनों के बीच लड़ाई भी हो चुकी थी। इसी रंजिश के चलते उक्त आरोपियों द्वारा गोलियां मारी गई हैं। थाना सदर पुलिस ने आरोपी सुखजीवन सिंह और उसके एक साथी के खिलाफ हत्या की कोशिश, घर में घुसकर हमला करने और आर्म्स एक्ट की धाराएं 25,27/54/59 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। जानकारी के मुताबिक गोलियां चलाने के बाद दोनों आरोपी भागते हुए बाजार में एक व्यक्ति से उसकी आल्टो कार छीन कर ले गए। मट्टू ने बताया कि वह फाइनेंस का काम करता है। उसकी गांव में रहने वाले मनी बावा और बिल्ला के साथ कुछ समय पहले लड़ाई हुई थी लेकिन समझौता नहीं हुआ था, जिसकी रंजिश वह दोनों मन रखे हुए थे। पुलिस एरिया के सीसीटीवी खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *