उप मुख्यमंत्री ने ऊना में हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के कार्यालय का किया उद्घाटन
ऊना: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज (शुक्रवार) ऊना जिले के रामपुर में हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के नवस्थापित कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान, आयोग के सदस्य अधिवक्ता विजय डोगरा तथा दिग्विजय मल्होत्रा भी उनके साथ रहे।
उपमुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ऊना जिले में राज्य स्तर का यह कार्यालय खुलना एक ऐतिहासिक कदम है। अब इस आयोग का संचालन यहीं से किया जाएगा, जिससे दलित समाज, वंचितों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा। इसके दूरगामी और सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में जिले में और भी राज्य स्तरीय कार्यालय लाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि ऊना जिला विकास की गति में प्रदेश का अग्रणी जिला बन चुका है। हम दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जिले में विकास के नए आयाम सुनिष्चित बनाने को कृतसंकल्पित हैं।
श्री अग्निहोत्री ने बताया कि प्रदेश में नियोजित विकास पर बल देते हुए ऊना, हमीरपुर और बद्दी को नगर निगम बनाया जा रहा है, जिससे इन क्षेत्रों में विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार कुटलेहड़ में वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों बड़े पैमाने पर प्रोत्साहित कर रही है। इससे क्षेत्र में पर्यटन को नए आयाम मिलेंगे।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार 300 करोड़ रुपये की लागत से माता चिंतपूर्णी मंदिर का भव्य भवन बनाने जा रही है। इसके अलावा वहां रोपवे परियोजना के साथ विकास को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने चिंतपूर्णी मंदिर के लिए प्रस्तावित रोपवे का विरोध कर रहे लोगों को विकास में रोड़ा न बनने की नसीहत दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रोपवे बनने से मंदिर क्षेत्र में कारोबार में वृद्धि होगी और यहां के व्यापारियों को लाभ होगा।
उपमुख्यमंत्री ने जिले में टिप्परों के समय-असमय अनियंत्रित आवागमन पर गंभीरता दिखाते हुए इसे नियंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन से कहा कि टिप्परों की आवाजाही के लिए समय सीमा निर्धारित की जाए। सुबह 6 से 9 बजे और शाम 7 से 10 बजे के बीच टिप्परों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए, ताकि स्कूली बच्चों और सैर के लिए निकले लोगों को असुविधा न हो।
1 महीने में आ जाएंगे लंबित परीक्षा परिणाम
श्री अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार युवा हितैषी सरकार है। पूर्व के स्टाफ सेलेक्शन बोर्ड के विभिन्न पदों के लंबित परीक्षा परिणाम एक महीने के भीतर घोषित कर दिए जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को ओपीएस पर बीजेपी का रुख स्पष्ट करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर इसपर बोलें कि यदि कभी भूले से बीजेपी प्रदेश में सत्ता में आई तो वे ओपीएस का क्या करेंगे।
अग्निहोत्री ने प्रदेश के बीजेपी नेताओं को एचआरटीसी को बदनाम करने की ओछी राजनीति न करने की नसीहत दी।
