संभल और बांग्लादेश में हिंसा करने वालों का डीएनए एक: योगी आदित्यनाथ
अयोध्या: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल हिंसा पर बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री गुरुवार को अयोध्या पहुंचे और उन्होंने संभल में उपद्रवियों से हमदर्दी जताने वालों पर तीखा हमला बोला. सीएम योगी ने यहां रामायण मेले का उद्घाटन करते हुए कहा कि संभल, अयोध्या और बांग्लादेश में हिंसा करने वालों का डीएनए एक ही है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, “याद करो 500 साल पहले बाबर के आदमी ने अयोध्या कुंभ में क्या किया था। संभल में भी यही हुआ था और बांग्लादेश में भी वही हो रहा है। तीनों की प्रकृति और उनका डीएनए एक ही है। जो बांग्लादेश में हो रहा है तो वही तत्व यहां भी आपको वह सब सौंपने के इंतजार में हैं। उन्होंने सामाजिक एकता को तोड़ने की पूरी तैयारी कर ली है। इस बारे में बात करने वाले कुछ लोग ऐसे हैं जिनके पास विदेश में संपत्ति है। यहां कोई संकट आएगा तो वे भाग जाएंगे और दूसरों को यहां मरने के लिए छोड़ देंगे।”
गौरतलब है कि संभल में हिंसा और उपद्रवियों पर गोली चलाने को लेकर विपक्ष हमलावर है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी मारे गए युवकों को बेकसूर बताया है। सपा ने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की है। भाजपा ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि बहराइच हो या संभल, सपा हमेशा दंगाइयों और उपद्रवियों के साथ खड़े दिखती है।
दूसरी ओर संभल जिला प्रशासन 24 नवंबर को जिले में हुई हिंसा में शामिल लोगों के पोस्टर आज लगाएगा। संभल के जिला मजिस्ट्रेट राजेंद्र पेंसिया ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि 24 नवंबर को हुई हिंसा के बाद 400 से अधिक उपद्रवियों की पहचान कर ली गई है और अभी तक 32 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि अब तक 400 से अधिक लोगों को चिन्हित किया जा चुका है।
