February 19, 2026

ऊना की रातें शिमला से अधिक ठंडी

ऊना: हिमाचल प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में सुबह-शाम कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। ऊना की रातें शिमला से भी ठंडी हो गई हैं। गत रात्रि जिला ऊना का न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि शिमला में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा।हालांकि प्रदेश के अनेक जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान जीरो डिग्री से माइनस 10 डिग्री के बीच चल रहा है। एक सप्ताह से ऊना के तापमान में गिरावट आना शुरू हुआ है। मौसम विभाग के ऊना केंद्र के समन्वयक विनोद कुमार ने बताया कि आगामी दिनों में ठंड बढ़ने की और संभावना है।

हिमाचल प्रदेश के 34 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चल रहा है। हैरानी की बात है कि पांवटा साहिब और नाहन ऐसे दो शहर हैं, जहां पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। मौसम विभाग ने भाखड़ा डैम व गोविंद सागर झील के साथ लगते क्षेत्रों तथा बल्ह घाटी सहित मंडी जिला के अनेक क्षेत्रों में धुंध के बढ़ने की संभावना व्यक्त की है।

मौसम विभाग का कहना है कि सुबह-शाम घनी धुंध छाना शुरू हो गई है जो कि आने वाले दिनों में और अधिक बढ़ हो सकती है। सतलुज नदी के डैम क्षेत्र और मंडी जिला की बल्ह घाटी के लिए धुंध का यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *