January 26, 2026

पंजाब में धुंध के साथ हुआ सर्दी का आगाज

रोपड़: पंजाब में सुबह से घनी धुंध के साथ सर्दी ने दस्तक दे दी है। सीजन की पहली धुंध ने लोगों को घरों में दुबककर रहने को मजबूर कर दिया। शहर के साथ-साथ गांव में भी धुंध का ज्यादा असर दिख रहा था।

पहली धुंध ने जहां सर्दी की शुरुआत की ही है, वहीं तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पराली के धुएं व धुंध के कारण स्मॉग की स्थिति दिनभर बनी रही। सड़कों पर विजिबिलिटी दस मीटर से भी कम रही, जिस कारण सड़कों पर वाहन भी रेंगते हुए चले।

अपने कामकाज पर जाने वाले लोगों को वाहन की रफ्तार धीमी करने को मजबूर कर दिया। मुख्य हाईवे पर वाहन चालक अपने वाहनों की लाइट जलाकर धीरे-धीरे आगे बढ़ते नजर आए। मौसम विभाग की मानें तो धुंध अभी और कई दिनों तक पड़ सकती है।

पिछले दिनों से लोगों को हल्की गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। दिन व रात के तापमान में 12 डिग्री का अंतर दिखाई दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले पांच वर्ष में पहली बार नवंबर का तापमान 30 डिग्री से अधिक चल रहा है। नवंबर महीने में बारिश भी सामान्य से कम रहेगी।

प्रदूषण का प्रभाव इतना बढ़ गया है कि स्मॉग छाने लगी है। अगर इसे हटाना हो तो कम से कम सामान्य वर्षा या 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रफ्तार से हवा चलनी चाहिए। अभी आगे चलकर भी खेतों में पराली जलाई जाएगी, जिससे हालात और खराब होंगे। जब तक गेहूं की बुआई नहीं होती, तब तक आसमान साफ होने के लिए वक्त लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *