पुलिस ने 8 घंटे में धर दबोचा भगोड़ा विचाराधीन कैदी
ऊना, गत दिवस न्यायिक परिसर के बाहर से पुलिस को चकमा देकर भाग गए विचाराधीन कैदी को पुलिस ने 8 घंटे की मशक्कत के बाद दोबारा धर दबोचा है। बता दें कि चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल से पेशी के लिए ऊना लाया गया एक विचाराधीन कैदी मंगलवार दोपहर पुलिस की मौजूदगी में फरार हो गया था। हिमाचल पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए ऊना जिला की सीमाओं पर नाकाबंदी कर सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की। चार टीमें बनाकर आसपास के क्षेत्रों में कैदी की तलाश शुरू की गई। आरोपित के भागने की घटना वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। विचारधीन कैदी को ऊना पुलिस ने आठ घंटे में ही चताड़ा गांव के जंगल में एक श्मशान घाट से गिरफ्तार कर लिया और ऊना थाना ले आई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमृतसर निवासी कर्ण नाम का आरोपित हत्या के मामले में बुड़ैल जेल में बंद है। वह ऊना में वर्ष 2020 में नौ ग्राम चिट्टे सहित पकड़ा गया था। उसके खिलाफ ऊना सदर थाना में केस दर्ज किया गया था। इसी मामले की पेशी मंगलवार को ऊना अदालत में होनी थी। चंडीगढ़ पुलिस उसे ऊना लाई थी।
