पंजाब में सरकारी कर्मचारियों एवं पेंशनरों को दीवाली का तोहफा, डीए में 4 प्रतिशत बढ़ोतरी
चंडीगढ़ – पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दीवाली पर बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों व पेंशनरों के महंगाई भत्ते में 4 प्रतिशत बढ़ोतरी का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने महंगाई भत्ते एवं महंगाई राहत को 38 प्रतिशत से बढ़ाकर 42 प्रतिशत करने का फैसला किया। इससे राज्य के 6.50 लाख से अधिक कर्मचारियों एवं पेंशनर लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि दीवाली पर कर्मचारियों को मेरी तरफ से छोटा सा तोहफा। 1 नवंबर 2024 से सरकारी कर्मचारियों एवं पेंशनरों को महंगाई भत्ते एवं महंगाई राहत 4 प्रतिशत बढ़ाने का फैसला किया गया है। आप सबको दीवाली मुबारक।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी राज्य प्रशासन का अहम हिस्सा हैं और उनके हितों की रक्षा करना सरकार की मुख्य प्राथमिकता है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस नेक कार्य के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जा रही है और कर्मचारियों की भलाई के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
