February 23, 2026

दिवाली पर बड़ा धमाका करने की तैयारी में थे अखनूर में ढेर आतंकी

सेना ने गोला-बारूद सहित बरामद किए भारी मात्रा में हथियार

अखनूर : जम्मू-कश्मीर के अखनूर क्षेत्र में बीते दिनों सुरक्षा बलों ने तीन आतंकवादियों को मार गिराया था। ये आतंकी दीपावली पर बड़ा धमाका करने की तैयारी में थे। आतंकियों के कब्जे से सेना ने भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री बरामद की है। हथियारों के साथ सामान का इतना जखीरा मिलने से स्पष्ट है कि ये आतंकवादी लंबे समय तक जंग के इरादे से बड़ी साजिश के तहत आए थे। बरामद किए गए सामान में अत्याधुनिक हथियार जैसे एम 4 कार्बाइन, एके-47 राइफल और अन्य सामग्री शामिल है।

10 इन्फैंट्री डिवीजन के जनरल अफसर कमांडिंग मेजर जनरल समीर श्रीवास्तव ने बताया कि आतंकवादी बड़े हमले की तैयारी के साथ आए थे। हमें लगातार जानकारी मिली थी, वे एक इलाके में घिरे हुए थे और उन पर नजर रखने के लिए तकनीक का इस्तेमाल किया। मेजर जनरल श्रीवास्तव ने कहा कि आतंकवादी एक सुरक्षा काफिले को निशाना बनाने के इरादे से अंदरूनी इलाकों से इलाके में आए थे, लेकिन त्वरित कार्रवाई से साजिश विफल कर दी गई।

अधिकारी ने कहा कि जिस क्षेत्र में आतंकवादी छिपे हुए थे, वहां 30 डिग्री का ढलान और घने जंगल थे। हम इस बात पर भी जोर देना चाहते हैं कि भारतीय सेना एक प्रोफेशनल फोर्स है और मारे गए आतंकवादी के पार्थिव शरीर का कोई अनादर नहीं किया गया, सेना अधिकारी ने यह भी कहा कि आतंकवादी इस क्षेत्र से अच्छी तरह वाकिफ थे।

बता दें कि 28 अक्टूबर को अखनूर में सेना की एक एंबुलेंस पर आतंकियों ने फायरिंग कर दी थी। ये हमला जोगवान एरिया में हुआ था। इसके बाद अखनूर सेक्टर के कैरी बटल इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई और सेना ने तीन आतंकियों को मार गिराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *