February 19, 2026

भोरंज के नागरिक अस्पताल में लोगों को मिल रही हैं बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं

लगभग 11.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए भवन में चल रही हैं ओपीडी, विशेषज्ञ डॉक्टर भी किए हैं नियुक्त

हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक आदर्श चिकित्सा संस्थान विकसित करने तथा लोगों को उनके घर के पास ही आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार द्वारा लिए गए निर्णय के बहुत ही सराहनीय परिणाम सामने आने लगे हैं।
इससे लोगों को स्वास्थ्य की जांच तथा आम बीमारियों के उपचार के लिए अनावश्यक रूप से जिला मुख्यालय या अन्य बड़े अस्पतालों में जाने की जरुरत नहीं पड़ रही है। उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों, अल्ट्रासाउंड और कई अन्य टैस्टों की सुविधा घर के पास ही मिल रही है। इसकी एक झलक भोरंज के नागरिक अस्पताल में भी देखी जा सकती है।
प्रदेश सरकार ने भोरंज के नागरिक अस्पताल को आदर्श चिकित्सा संस्थान घोषित किया है और इसके लिए लगभग साढे ग्यारह करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक भवन बनाया गया है, जिसका लोकार्पण स्वयं मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया है। इस भवन में क्षेत्र के मरीजों को ओपीडी, लैब और कई अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इसके अलावा प्रदेश सरकार ने यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति भी की है। प्रदेश सरकार ने इस अस्पताल के विस्तार के लिए भी धनराशि का प्रावधान किया है, जिससे क्षेत्रवासियों को आने वाले समय में और भी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
भोरंज अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर, अल्ट्रासाउंड और अन्य टैस्टों की सुविधा उपलब्ध होने के कारण अब क्षेत्रवासियों को आम बीमारियों के इलाज के लिए हमीरपुर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। उनका इलाज भोरंज में ही हो रहा है।
भोरंज के आम मरीजों विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को इससे बहुत बड़ी राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *