March 8, 2026

सुप्रीम कोर्ट में अब सभी मामलों की सुनवाई का होगा सीधा प्रसारण

नई दिल्ली – सुप्रीम कोर्ट ने सभी मामलों की सुनवाई का सीधा प्रसारण करने का फैसला किया है। जानकारी के अनुसार शीर्ष अदालत की सभी बेंचों की लाइव-स्ट्रीमिंग की सुविधा देने वाला एक ऐप परीक्षण के अंतिम चरण में है। इससे पहले यानी अब तक सिर्फ संविधान पीठ के समक्ष मामलों की सुनवाई का ही सीधा प्रसारण होता था लेकिन मुख्य न्यायाधीश जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की पहल पर इसे सभी बेंच तक विस्तारित करने का फैसला किया गया है।

यह पहला मौका है जब दिन-प्रतिदिन की सुनवाई का नियमित सीधा प्रसारण करने का फैसला किया गया है। कोविड महामारी के बाद 2022 में सुप्रीम कोर्ट ने संविधान पीठ के तहत होने वाले मामलों की सुनवाई की यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव स्ट्रीमिंग की पहली बार व्यवस्था की थी, जो अबतक जारी है और उसे अब सभी अदालतों तक विस्तारित किया जा रहा है। 27 सितंबर 2022 में जब पहली बार सुप्रीम कोर्ट की तीन संविधान पीठ की सुनवाई की लाइव स्ट्रीमिंग की गई थी, तब 8 लाख से ज्यादा लोगों ने उसे देखा था। तब सुप्रीम कोर्ट की ओर से जारी एक बयान में कहा गया था कि यह कदम दूर-दराज के लोगों की बाधाओं को दूर करने में मील का पत्थर साबित होगा और देश के हर कोने से नागरिकों को सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही देखने का अवसर मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *