February 25, 2026

प्रत्याशियों व राजनीतिक दलों की मौजूदगी में ईवीएम की द्वितीय रेंडमाइजेशन प्रक्रिया पूरी

सभी को बारीकी से समझाई रेंडमाइजेशन प्रकिया

जिला महेंद्रगढ़ में कुल 772 मतदान केंद्र बनाए

नारनौल, 24 सितंबर। नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र के सामान्य पर्यवेक्षक मदन शीबा जार्ज (आईएएस) व अटेली तथा महेंद्रगढ़ के सामान्य पर्यवेक्षक सूरज कुमार (आईएएस) की मौजूदगी में आज लघु सचिवालय में विभिन्न राजनीतिक दलों की मौजूदगी में ईवीएम की द्वितीय रेंडमाइजेशन प्रक्रिया पूरी की गई। इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मोनिका गुप्ता (आईएएस) भी मौजूद थीं।
इस मौके पर डीसी ने बताया कि यह प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के ईएमएस 2.0 सॉफ्टवेयर के जरिए ऑनलाइन की गई। इस प्रक्रिया के तहत चारों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम अलाट की गई।
इस मौके पर सभी चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के बाद मशीनों के सीरियल नंबर की एक-एक प्रति भी दी गई। उपायुक्त ने कहा कि विधानसभा आम चुनाव-2024 को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से करवाना जिला प्रशासन का प्रथम लक्ष्य है। इस कार्य में सभी राजनीतिक दल भी अपना सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान ना दें।
डीसी ने सभी इलेक्शन एजेंट व विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में उन्हें इस प्रक्रिया के बारे में बारीकी से समझाया तथा उनकी शंकाओं का समाधान किया।
उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष एवं पारदर्शी है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश अनुसार आज विधानसभा आम चुनाव में उपयोग की जाने वाली कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट तथा वीवीपीएटी की द्वितीय रेंडमाइजेशन प्रक्रिया पूरी की गई है।
उन्होंने बताया कि जिला महेंद्रगढ़ में कुल 772 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 215 मतदान केंद्र अटेली, 220 महेंद्रगढ़, 155 नारनौल तथा 182 मतदान केंद्र नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा के निर्देश अनुसार कंट्रोल यूनिट/बैलट यूनिट निर्धारित बूथ से 120 प्रतिशत अधिक तथा वीवीपीएटी 129 प्रतिशत अधिक के हिसाब से रेंडमाइजेशन किया गया था। इस हिसाब से 926 बीयू तथा 926 सीयू तथा 996 वीवीपीएटी निर्धारित की गई हैं।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह (आईएएस), महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के आरओ संजीव कुमार, नारनौल विधानसभा क्षेत्र के आरओ डा जितेंद्र सिंह, अटेली विधानसभा क्षेत्र के आरओ अमित कुमार, नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र के आरओ रमित यादव, नगराधीश मंजीत सिंह, डीडीपीओ हरि प्रकाश बंसल, तहसीलदार चुनाव सुरेंद्र सिंह के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *