आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी ढंग से लागू : डीसी मोनिका गुप्ता
नारनौल, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मोनिका गुप्ता आईएएस ने कहा कि विधानसभा चुनाव-2024 के मद्देनजर आदर्श चुनाव आचार संहिता को जिला महेंद्रगढ़ में प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। इसके लिए सर्विलांस टीम में लगातार निगरानी कर रही हैं। जिला में निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव करवाना जिला प्रशासन का मुख्य लक्ष्य है। डीसी लघु सचिवालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से बातचीत कर रही थी।
उपायुक्त ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा महोत्सव होता है। निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव कराने में जिला प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी होती है। अगर कहीं भी आचार संहिता का उल्लंघन हो तो जिला प्रशासन द्वारा स्थापित किया गया कंट्रोल रूम के टेलीफोन नंबर 01282-256960 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से सी-विजिल ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। इसके अलावा मतदाता की सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर भी कॉल की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि जिला महेंद्रगढ़ में इस बार कुल 731753 मतदाता है। जिला की चारों विधानसभा क्षेत्र में 772 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जो पिछले चुनाव से पांच ज्यादा है। मतदाताओं की सहूलियत का ख्याल रखते हुए जहां भी 1500 से अधिक मतदाता है वहां अलग बूथ बनाया गया है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हो चुका है।
मतदान प्रतिशत पर पूछे गए सवाल के जवाब में डीसी ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2024 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए शिक्षण संस्थानों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार लगातार स्वीप एक्टिविटी चलाई जाएगी।
इस बैठक में महेंद्रगढ़ के आरओ संजीव कुमार, नारनौल के आरओ डॉक्टर जितेंद्र सिंह, कनीना के आरओ अमित कुमार, नांगल चौधरी के आरओ अमित यादव के अलावा नगराधीश मंजीत कुमार तथा तहसीलदार चुनाव सुरेंद्र कुमार के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
