June 1, 2025

पीजीआई जाने वाले मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत, चंडीगढ़ में धर्मशाला बनवा रहे हिमाचली

शिवालिक पत्रिका, दृढ़ निश्चय हो तो असंभव कुछ नहीं होता। इसका उदाहरण चंडीगढ़ में रह रहे हिमाचल के लोगों ने दिया है। चंडीगढ़ में रह रहे हिमाचल के लोगों की एक संस्था पीजीआई जाने वाले मरीजों और तीमारदारों के लिए धर्मशाला का निर्माण करवा रही है। जन कल्याण सेवा सोसायटी ट्राइसिटी इस काम का बीड़ा उठाया है। अब किसी भी मरीज और तीमारदार को अस्पताल के बाहर और सड़कों पर रातें नहीं गुजारनी पड़ेंगी। जानकारी अनुसार, इस धर्मशाला पर करीब पांच करोड़ रुपये की राशि खर्च हो रही है। इसमें हिमाचल व अन्य राज्यों से पीजीआई में इलाज करवाने के लिए आने वाले लोगों के लिए जन कल्याण सेवा सोसायटी आसरा प्रदान करने जा रही है। उनको चंडीगढ़ जैसे शहर में हजारों रुपये खर्च करके कमरे लेने की जरूरत नहीं होगी। संस्था के महासचिव ने बताया कि उनकी सोसायटी इस प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू चंडीगढ़ के हिमाचल भवन में पहुंचे तो उनका अखिल संयुक्त मोर्चा के चेयरमैन राजेश ठाकुर, अध्यक्ष जगदेव पटियाल समस्त ट्राइसिटी सनातन धर्म प्रेमी, जन कल्याण सेवा सोसायटी के महासचिव केसी ठाकुर, प्रधान मदन लाल डोगरा, कोषाध्यक्ष ओंकार चंद ठाकुर, सलाहकार विक्रम राणा व सभी सम्मानित सदस्यों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और इस धर्मशाला के निर्माण की जानकारी सांझा की। सीएम ने सरकार की तरफ से भी मदद करने का आश्वासन भी दिया।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.