सुखबीर सिंह संधू और ज्ञानेश कुमार नए चुनाव आयुक्त नियुक्त, नोटिफिकेशन जारी
नई दिल्ली : आगामी लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति पर नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। ज्ञानेश कुमार और एस एस संधू को चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति ने निर्वाचन आयोग में दो आयुक्तों के खाली पदों पर भर्ती के लिए दो नामों पर मुहर लगा दी। समिति ने ज्ञानेश कुमार गुप्ता और सुखबीर सिंह संधू को चुनाव आयुक्त नियुक्त किया है।
कौन हैं ज्ञानेश कुमार और सुखबीर संधू?
ज्ञानेश कुमार कुछ दिनों पहले सहकारिता मंत्रालय के सचिव पद से रिटायर हुए थे। उन्होंने मंत्रालय के गठन के समय से लेकर अब तक कार्य किया था। सहकारिता मंत्रालय के गठन से लेकर अब तक उसकी कार्यप्रणाली कैसे देशभर में लागू हो रही है इसमें ज्ञानेश कुमार ने अहम योगदान किया है। गृह मंत्री अमित शाह के अंतर्गत सहकारिता मंत्रालय है। उससे पहले ज्ञानेश कुमार गृह मंत्रालय में जॉइंट सेक्रेटरी (कश्मीर डिवीजन) थे। जम्मू कश्मीर से 370 हटाने के वक्त ज्ञानेश कुमार ही गृह मंत्रालय में जॉइंट सेक्रेटरी थे। इसके बाद वह वह प्रमोशन पाकर एडिशनल सेक्रेटरी भी बने।
पूर्व आईएएस अधिकारी सुखबीर संधू को जुलाई 2021 में ओम प्रकाश की जगह उत्तराखंड का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था। 1988 बैच के आईएएस अधिकारी संधू भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अध्यक्ष के रूप में केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर थे। गौरतलब है कि संधू पिछले साल 30 सितंबर को उत्तराखंड सरकार के मुख्य सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, लेकिन उन्हें 31 जनवरी, 2024 तक छह महीने की अवधि के लिए विस्तार दिया गया था।
