जनता के बीच अपना भरोसा खो चुकी है कांग्रेस : बिंदल
शिमला: भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रैस वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा का चुनाव हिमाचल के इतिहास की बहुत बड़ी घटना है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी की ओर से हर्ष महाजन चुनाव में निर्वाचित हुए हैं और उनका निर्वाचन हिमाचल प्रदेश में एक बहुत बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम है। हर्ष महाजन को राज्यसभा सांसद चुने जाने पर उनको बधाई देने के साथ-साथ बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की वर्तमान में कांग्रेस पार्टी की सरकार अपना मोरल ग्राउंड सत्ता में रहने का खो चुकी हैं। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी न केवल भारत के बल्कि दुनिया के सबसे पॉपुलर और महान नेता के रूप में उभरकर दुनिया के सामने आए हैं और उन्होंने स्पष्ट शब्दों में यह कहा है कि भारतीय जनता पार्टी 370 और एनडीए 400 के पार होगी। इसी पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी उन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निंरतर जमीनी स्तर के ऊपर कार्यां में जुटी है और हिमाचल प्रदेश की चारों सीटें भारतीय जनता पार्टी को मिले और नरेंन्द्र भाई मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने। इस लक्ष्य को लेकर हिमाचल प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी चली हैं।
