February 22, 2026

उच्च शिक्षण संस्थानों व पंचायतों में बनाएं जाएंगे मतदाता पंजीकरण परमानेंट डेडिकेटिड एनरोलमेंट सेंटर

मोहित कांडा, करसोग में मतदाता सूचियों को त्रुटि रहित बनाने व छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करने हेतू सहायक निर्वाचक अधिकारी एवं कार्यवाहक एसडीएम करसोग कैलाश कौंडल की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित की गई इस बैठक में एसडीएम ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों के अधिकारियों व पंचायत सचिवों को छुटे हुए व नए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों में अंकित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षण संस्थानों और पंचायतों में मतदाताओं के लिए मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर आगमी लोकसभा चुनाव में उनकी शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के उच्च शिक्षण संस्थानों व पंचायतों में नए पात्र मतदाताओं व छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करने हेतू परमानेंट डेडिकेटिड एनरोलमेंट सेंटर स्थापित किए जाएंगे। शिक्षण संस्थानों में स्थापित इन एनरोलमेंट सेंटरों के माध्यम से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी युवाओं को चिन्हित कर फाॅर्म-6 के माध्यम से उनके नाम मतदाता सूचियों में दर्ज किए जाएंगे ताकि वह आगामी लोकसभा चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। सहायक निर्वाचक अधिकारी ने कहा कि पंचायत सचिव उनके क्षेत्राधिकार में आने वाली पंचायतों में परिवार रजिस्टर का सत्यापन कर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र मतदाताओं को चिन्हित कर संबंधित बीएलओ के माध्यम से उनके वोट बनाना सुनिश्चित करें। बैठक में उपस्थित शिक्षण संस्थानों के अधिकारियों, पंचायत सचिवों को वोटर हेल्पलाइन एप्लीकेशन और वोटर सर्विस पोर्टल के संबंध में भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। बैठक में खंड विकास अधिकारी वैशाली शर्मा, निर्वाचन विभाग से देवेंद्र कुमार, भारद्वाज शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य प्रवीन मेहता, अजय कुमार सहित विभिन्न पंचायतों के सचिव उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *