March 9, 2026

जेएनजीईसी के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्मार्ट इंडिया हैकथॉन प्रतियोगिता में अव्वल

विद्यार्थियों ने हासिल किया शीर्ष सम्मान पहला स्थान हासिल कर जीती एक लाख पुरूस्कार राशि

सुंदरनगर, 21 दिसंबर 2023। जवाहरलाल नेहरू गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज (जेएनजीईसी), सुंदरनगर के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर के स्मार्ट इंडिया हैकथॉन के ग्रैंड फिनाले में पहला स्थान हासिल किया। मैसूर के जेएसएस टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी कर्नाटक में 19 व 20 दिसंबर को स्मार्ट इंडिया हैकथॉन का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया गया। यह प्रतियोगिता डिजिटल प्रौद्योगिकी और एआई एकीकरण के माध्यम से अस्पतालों में डॉक्टर की उपलब्धता और नियुक्ति आवंटन को अनुकूलित करने के महत्वपूर्ण मुद्दे को संबोधित करने पर केंद्रित थी। जे.एन.जी.ई.सी. के निदेशक एवं प्रधानाचार्य एस.पी. गुलेरिया ने बताया कि उनके संस्थान के इलैक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के 6 विद्यार्थियों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। उन्होंने बताया कि संस्थान की विद्यार्थी वंशिका गुलेरिया, प्रगुण, साहिल राणा, साहिल, अंशुल और जुबेर की टीम ने स्मार्ट इंडिया हैकथॉन के ग्रैंड फिनाले में प्रथम स्थान हासिल किया है। उन्होंने बताया इस स्मार्ट इंडिया हैकथॉन के ग्रैंड फिनाले में करीब 500 अन्य टीमों को मात देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर केवल पांच ही टीमें चुनी गई थी। विधार्थियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विधार्थियों ने संस्थान को ना केवल पहचान दिलाई बल्कि एक लाख रुपये का इनाम भी हासिल किया। यह उपलब्धि न केवल जेएनजीईसी छात्रों के समर्पण और प्रतिभा को दर्शाती है बल्कि इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए संस्थान की प्रतिबद्धता को भी उजागर करती है। साथ ही प्रौद्योगिकी के माध्यम से वास्तविक दुनिया की चुनौतियों को हल करने में छात्रों के योगदान के महत्व को रेखांकित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *