March 12, 2026

पर्यटन में निवेश को दुबई के उद्योगपतियों को बुलावा

CM सुक्खू ने प्रवासी हिमाचलियों से भी की चर्चा

शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार देर शाम दुबई में हिमाचल के टूरिज्म सेक्टर में निवेश के लिए प्रवासी हिमाचली निवेशकों के साथ बैठक की। यह बैठक अमीरात हिल्स दुबई में विला एचटी 8 में रखी गई थी। मुख्यमंत्री ने हिमाचल के टूरिज्म सेक्टर के बारे में सभी निवेशकों को बताया और उन्हें प्रदेश में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर है और एयर कनेक्टिविटी के लिए राज्य सरकार कई नए कदम उठा रही है। अपने पहले विदेश दौरे पर सात सदस्यीय दल के साथ दुबई गए मुख्यमंत्री ने निवेशकों से आह्वान करते हुए कहा कि हिमाचल में उन्हें हर प्रकार का सहयोग मिलेगा। प्रवासी हिमाचलियों से मुख्यमंत्री ने अपने राज्य का भी विकास करने की अपील की। दुबई से मुख्यमंत्री का शनिवार को स्वदेश लौटने का कार्यक्रम है। रविवार को मुख्यमंत्री राजधानी शिमला पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के साथ दुबई दौरे पर गए अधिकारियों ने भी बताया कि प्रदेश में करीब 6000 करोड़ का निवेश करने का लक्ष्य लेकर दुबई के निवेशकों से चर्चा की गई। इस दौरान पर्यटन सचिव देवेश कुमार और पर्यटन निदेशक मानसी सहाय ठाकुर ने संभावित निवेशकों के सवालों के जवाब दिए और हिमाचल में टूरिज्म की संभावनाओं की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *