February 22, 2026

प्रदेश में अन्य सुविधाओं की तरह स्वास्थ्य सुविधाओं का बुरा हाल है: नेता प्रतिपक्ष

देशराज शर्मा, शिमला  नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में अन्य सुविधाओं की तरह स्वास्थ्य सुविधाओं का बुरा हाल है। सरकार की तरफ़ से कोई सुध लेने वाला नहीं है। परेशान हालत में लोग अस्पतालों के चक्कर काट रहे हैं। कहीं जांच नहीं हो पा रही है तो कहीं इलाज के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेशवासियों का स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिकता में है ही नहीं। प्रदेश में जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सुविधाएं दे रही कंपनियों का भुगतान लंबे समय से रोका गया है जिससे उन कंपनियों के सामने व्वस्थाओं को जारी रखने में असुविधा हो रही है। अपना अपने बकाया धनराशि का भुगतान किए जाने की मांग करते करते थक गई कई सेवा प्रदाता कंपनियों ने सेवाएं बंद कर दी है। कई कंपनियों ने सेवाएं बंद करने की चेतावनी दी है। आश्चर्य इस बात का है कि फिर भी सरकार कुछ नहीं कर रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार की इसी लापरवाही की वजह से कुल्लू रीजनल अस्पताल में चल रही डायलिसिस सेवाएं, सेवा प्रदाता संस्था ने रोक दी जिससे मरीज़ों की जान पर बन आई। मजबूर होकर लोग निजी अस्पतालों की सेवा ले रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इसी तरह से हिमकेयर के तहत इलाज के लिए इम्पैनल्ड अस्पतालों का भुगतान नहीं किया जा रहा है। हिमकेयर के तहत चिकित्सकीय सामान उपलब्ध करवाने वाली कंपनियों का भुगतान नहीं किया जा रहा है। जिस कारण कंपनियों ने चिकित्सकीय सामान की सप्लाई रोक दी है, जिससे लोगों के ऑपरेशन नहीं हो पा रहे हैं। कोरोना काल में प्रदेश में निर्बाधरूप सी ऑक्सीजन की सप्लाई करने के लिए पूर्व सरकार द्वारा स्थापित किए गए ऑक्सीजन प्लांट भी सरकार की लापरवाही के कारण बंद पड़े हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कुल मिलाकर प्रदेश में हर तरफ़ अव्यवस्था का आलम है। स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से चरमरा गई है। इसका एकमात्र कारण है कि जनहित की सुविधाएं इस सरकार की प्राथमिकता में नहीं हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार जनहित से जुड़ी, स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं को अपनी प्राथमिकता बनाए। किसी भी दशा में स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाएं रुकनी नहीं चाहिए। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से शिष्टाचार भेंट की। सोमवार शाम को राजभवन पहुंचे जयराम ठाकुर ने बताया कि महामहिम से मिलकर उन्होंने प्रदेश की वर्तमान स्थितियों से अवगत करवाया। इस दौरान महामहिम महोदय से विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *