February 15, 2026

मुख्यमंत्री सुक्खू के स्वास्थ्य में सुधार, पैनक्रियाज और पेट में इन्फेक्शन

शि.प. हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सेहत में तेजी से सुधार दर्ज किया जा रहा है। ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस दिल्ली में उपचाराधीन मुख्यमंत्री के नियमित टेस्ट चल रहे हैं व डाक्टरों के अनुसार उनके दर्द में 90 प्रतिशत राहत है। हालांकि उन्हें पूरी तरह ठीक होने में अभी एक सप्ताह लग सकता है। मुख्यमंत्री के पैनक्रियाज और पेट दोनों में इंफेक्शन है। दवाइयां का सेवन करने के उपरांत यह दर्द काफी हद तक कम हो चुका है। मुख्यमंत्री को पेट के साथ-साथ पैनक्रियाज में इंफेक्शन होने के कारण तेज दर्द हुआ था। पैनक्रियाज पेट के पीछे और छोटी आंत के पास एक लंबी ग्रंथि होती है। पैनक्रियाज ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित करता है। इसमें इंफेक्शन होने के कारण यह पूरी तरह से काम नहीं कर पाता है और इससे बेहद दर्द होता है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को शुक्रवार सुबह 9:00 बजे इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला से एम्स दिल्ली के लिए शिफ्ट किया गया था। इससे पहले बुधवार को मुख्यमंत्री ने बिलासपुर जिले में आपदा प्रभावितों को स्पेशल पैकेज से राहत राशि प्रदान की थी व शाम को वे शिमला चले गए थे जहां रात 11:00 बजे उनके पेट में अचानक तेज दर्द उठा था। दर्द में आराम न होने के कारण रात 3:00 बजे वे उपचार लेने इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज पहुंच गए थे। जहां 30 घंटे के ऊपर उपचार के उपरांत उन्हें एम्स दिल्ली ले जाया गया था। अभी वे कुछ दिन और दिल्ली एम्स में डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे। संभव है कि दो-तीन दिन के और उपचार के उपरांत उन्हें छुट्टी दे दी जाए व घर पर ही रहकर आराम करने की सलाह दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *