February 23, 2026

मनोहर लाल ने किया मानेसर में फ्लिपकार्ट के क्षेत्रीय वितरण केंद्र का शिलान्यास

हरियाणा में मनोहर सरकार की औद्योगिक नीतियों का डंका बज रहा है, परिणास्वरूप देश-विदेश की कंपनियां राज्य में निवेश कर रही हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज मानेसर में फ्लिपकार्ट के क्षेत्रीय वितरण केंद्र का शिलान्यास किया। साथ ही, वर्चुअल माध्यम से सोनीपत में किरयाना पूर्ति केंद्र का शुभारंभ किया। इन दोनों केन्द्रों से हरियाणा में निवेशकों की रुचि और बढ़ेगी। साथ ही युवाओं को रोजगार के भी अधिक अवसर मिलेंगे।

मानेसर में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भी विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हरियाणा के औद्योगिक एवं व्यापारिक क्षेत्र में दो नये मील पत्थर रखकर मुझे बड़े संतोष का अनुभव हो रहा है। हरियाणा में निवेशकों के लिए अत्यंत अनुकूल वातावरण है। हमारी नीतियां भी निवेशकों और उद्योगों के लिए मैत्रीपूर्ण हैं। हम बड़े लक्ष्य तय कर रहे हैं और उन्हें पूरा भी कर रहे हैं। इसी का परिणाम है कि हरियाणा मेनुफैक्चरिंग हब के रूप में उभर रहा है। मुझे खुशी है कि फ्लिपकार्ट ने इस अनुकूल वातावरण को देखते हुए यहां इतना बड़ा निवेश किया है।

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि फ्लिपकार्ट द्वारा 285 एकड़ जमीन पर वेयरहाउसिंग और ट्रांसपोर्ट हब स्थापित किया जा रहा है। इसमें से 140 एकड़ जमीन पर 1389 करोड़ रुपये के निवेश से बनाया जाने वाला यह क्षेत्रीय वितरण केंद्र एशिया का सबसे बड़ा वितरण केन्द्र होगा। इससे 10 हजार लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। इसी प्रकार, सोनीपत में फ्लिपकार्ट के नये किरयाना पूर्ति केंद्र के माध्यम से रोजगार के लगभग 2,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष अवसर पैदा होंगे। साथ ही क्षेत्र के हजारों स्थानीय विक्रेताओं, एम.एस.एम.ई. और किसानों की पूरे देश के बाजार तक पहुंच बन जाएगी।

ग्लोबल सिटी के बनने से बदलेगी गुरुग्राम की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में गुरुग्राम जिला में विकसित होने वाले ग्लोबल सिटी को क्षेत्र के विकास में नया अध्याय बताया। एनपीआर और सीपीआर के बीच करीब एक हजार एकड़ भूमि पर विकसित होने वाले ग्लोबल सिटी के काम को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट में एक लाख करोड़ रुपए का निवेश आने की प्रबल संभावना है। जिससे न केवल एनसीआर बल्कि पूरे राज्य में रोजगार के लाखों अवसर पैदा होंगे। इससे इलाके की नई तस्वीर उभरेगी।

राष्ट्रीय सकल घरेलू उत्पाद में वर्ष 2024-25 तक हरियाणा का लगभग 14 लाख करोड़ रुपये का योगदान करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के बड़े निवेश वर्ष 2024 तक भारत को 5 ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को साकार करने में अत्यंत कारगर सिद्ध होंगे, जिसमें हरियाणा अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निरंतर निभा रहा है। प्रधानमंत्री ने लॉजिस्टिक्स के इस विजन को आगे बढ़ाने में अत्यंत सहायक माना है। उन्होंने राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति का शुभारंभ करते हुए कहा था भारत में लास्ट माइल डिलीवरी तेजी से हो हमारे उद्योगों का समय और पैसा दोनों बचें। एग्रो प्रोडक्ट्स की बर्बादी न हो। इन सबका समाधान राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति है। प्रधानमंत्री के इस विजन के लिए हमने राष्ट्रीय सकल घरेलू उत्पाद में वर्ष 2024-25 तक लगभग 14 लाख करोड़ रुपये का योगदान करने का लक्ष्य रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *