February 15, 2026

दिल्ली- लेह बस सेवा बंद, 15 नवंबर से मनाली तक चलेगी

देश-विदेश के पर्यटक और आम यात्री अब देश के सबसे लंबे रूट की बस में बैठ कर कई दर्रों के रोमांच भरे सफर का अनुभव नहीं ले सकेंगे। इस रूट पर सफर करने के शौकीन अब हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस में अगले सीजन में ही यात्रा कर सकेंगे। लेह से दिल्ली को चलने वाली एचआरटीसी की बस सेवा को बंद कर दिया है। यह बस अब अगले सीजन में लेह से दिल्ली को शुरू होगी। पिछले दिनों हिमाचल प्रदेश में आई आपदा के कारण सवारियां नहीं मिलने से यह बस अभी लेह के बजाय केलांग से दिल्ली चल रही है। जबकि 15 नवंबर के बाद बस मनाली से आरंभ की जाएगी। 15 सितंबर से केलांग-सरचू के रास्ते लेह के लिए यह मार्ग अधिकारिक तौर पर बंद हो गया है। इसको देखते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम की केलांग डिपो ने लेह-दिल्ली रूट की बस सेवा को आगामी सीजन तक के लिए बंद कर दिया है। आपदा के चलते हिमाचल सीमा सरचू के रास्ते लेह- दिल्ली रूट की यह बस सीजन में महज 38 दिन ही चली है। सवारियों के अभाव से इस बस को अभी केलांग से चलाया जा रहा है। बता दें इस बार लेह-दिल्ली रूट पर 8 जून को बस सेवा आरंभ हुई थी। महज 38 दिन बस सेवा के साथ अगले सीजन तक के लिए अब बस का संचालन नहीं होगा। यह बस बारालाचा (16,500 ), नकिल्ला (15, 547), तंगलंगला (17, 480) लाचुंग दर्रा (16, 616) फीट की ऊंचाई वाले दर्रों से होकर चलती है। बस लेह से दिल्ली (1026 किमी) की दूरी 30 घंटे में पूरी करती है। यात्री 1736 रुपये प्रति सीट देकर हिमाचल के साथ दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और लेह-लद्दाख देखने का आनंद उठाते हैं। एचआरटीसी केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राधा देवी ने बताया कि 15 सितंबर से केलांग-सरचू-लेह सड़क अधिकारिक तौर बंद हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *