दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन पर किया पौधारोपण
संजीव डोगरा, दौलतपुर चौक : मेरी मिट्टी मेरा देश कार्यक्रम के अंतर्गत दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज सेवी विनोद ठाकुर के माध्यम से तिरंगा लहराकर पौधे बांटे गए। उन्होंने इस मौके पर पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पौधारोपण के पश्चात पौधों को सुरक्षित बचाने का संकल्प लेना चाहिए। पेड़ पौधे जीवन के अभिन्न अंग हैं। यहां तक की एक एक व्यक्ति को कम से कम पांच पांच पौधे अवश्य लगानी चाहिए। पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तभी धरती पर जीव-जंतु भी सुरक्षित रहेंगे। पुराणों में स्पष्ट तौर पर लिखा है कि एक पेड़ लगाने से उतना ही पुण्य मिलता है, जितना कि दस गुणवान पुत्रों से यश की प्राप्ति होती है। इसलिए जीवन में एक पेड़ तो जरूर लगाना चाहिए और पेड़ लगाने के बाद उसकी सेवा व सुरक्षा करनी चाहिए।
यदि प्रकृति को ईश्वर का दूसरा रूप कहा जाए तो कदापि गलत नहीं होगा। पेड़ों पर प्रकृति निर्भर करती है। एक पेड़ लगाने से असंख्य जीव-जन्तुओं के जीवन का उद्धार होता है।
इस कार्यक्रम में विशेष रूप से स्टेशन अधीक्षक राजेंद्र प्रसाद नहला उपस्थित रहे। विभिन्न प्रकार के पौधे प्रेस क्लब दौलतपुर चौक के अध्यक्ष दिनेश कुमार की उपस्थित में वितरित किए गए। इस मौके पर प्रेस क्लब दौलतपुर चौक के अध्यक्ष दिनेश जरियाल सहित प्रेस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।
