कुटलैहड़ में बारिश से प्रभावित लोगों की जल्द से जल्द की जाए मदद: देवेन्द्र भुट्टो
बंगाणा में पंचायत सचिवों की बैठक में बोले विधायक, विकास कार्यो की रिपोर्ट भी करवाई प्रस्तुत
अजय कुमार, बंगाणा, उपमण्डल बंगाणा के बंगाणा ब्लॉक में कुटलैहड़ के विधायक देवेन्द्र भुट्टो ने पंचायत सचिवों के साथ बैठक की। बैठक में विधायक ने पंचायत सचिवों को निर्देश दिए कि पिछले दिनों हुई भारी बारिश की वजह से जिन लोगों को नुकसान हुआ है उन लोगों की जल्द से जल्द मदद की जाए। उन्होंने पंचायत सचिवों को ये भी निर्देश दिए कि अगर आपके पास कोई भी व्यक्ति काम करवाने के लिए आता है तो उसका काम जल्द से जल्द पूरा करें ताकि उसको बार बार ऑफिस के चक्कर न काटने पड़ें और जिन लोगों के काम अधूरे है उन कामों को भी जल्द से जल्द पूरा करें ताकि लोगो को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। भुट्टो ने कहा कि बीते डेढ़ माह से हो रही मूसलाधार बारिश से राज्य के साथ साथ कुटलैहड़ विस क्षेत्र में भी जनता का भारी नुक्सान हुआ है। कुटलैहड़ विस क्षेत्र की हर पंचायत हर वार्ड स्तर तक जनता के हुए नुक्सान को मौके पर जाकर देखा है और उन्हें हर सम्भव मदद करने का भरोसा भी दिया है। राज्य में बाढ़ से आई आपदा पर सीएम राहत कोष में बंगाणा उपमण्डल के जिला परिषद सचिवों ने 21000 रुपये, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटली स्कूल स्टाफ से 5100 रूपये, पनोह बूथ कांग्रेस कमेटी के सरदारी लठ, निर्मल चौधरी, रामपाल सैनी, आदि ने 12100 रूपये, प्रेम चंद प्रिंसिपल हरिनगर 5100 रूपये, कुटलैहड़ के समाजसेवी रोशन लाल लंबड़दार ने 11000 की धनराशि विधायक देवेन्द्र कुमार भुट्टो को प्रदान की। ज्ञात रहे इससे पहले कुटलैहड़ के विधायक देवेन्द्र कुमार भुट्टो सीएम राहत कोष के 18 लाख 72 हजार का ड्राफ्ट बाढ़ पीड़ित परिवारों की मदद के लिए कुटलैहड़ की जनता से अंशदान इक्कठा करके सीएम सुखविन्दर सिंह सुक्खू को प्रदान कर चुके है। इस आपदा पर कुटलैहड़ की जनता द्वारा सीएम राहत कोष के लिए दिए गए अंशदान पर विधायक देवेन्द्र कुमार भुट्टो ने जनता का आभार प्रकट किया है। इस बैठक में खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र जेटली, एस सी बी पी ओ सुनील दत्त, कनिष्ठ अभियंता सचिन शर्मा, संजय शर्मा व ब्लॉक के कर्मचारी उपस्थित रहे।
