February 24, 2026

लठियानी में एक दिवसीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता संपन्न, 10 टीमों ने लिया भाग

नशे जैसे विकारों को त्याग कर खेलों की तरफ अग्रसर हों युवा: देवेंद्र भुट्टो

अजय कुमार, बंगाणा, उप मंडल बंगाणा के शहीद भगत सिंह मेमोरियल क्लब लठियानी द्वारा एकदिवसीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस एक दिवसीय प्रतियोगिता में हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड जैसे 10 राज्यों के युवक एवं महिला खिलाड़ियों की टीमों ने भाग लिया। इस एक दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने किया। सीनियर सेकेंडरी स्कूल लठियानी पहुंचने पर क्लब के सदस्यों द्वारा विधायक देवेंद्र कुमार का भव्य स्वागत किया गया और मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो को शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह दे कर सम्मानित किया। राज्य रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश संयोजक सुरेंद्र ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में लठियानी पहुंचे। इस अवसर पर विधायक देवेंद्र भुट्टो ने कहा कि शहीद भगत सिंह मेमोरियल क्लब लठियानी द्वारा खेलों को बढ़ावा देना और ऐसे आयोजन करना बेहतरीन कार्य है। भुट्टो ने कहा कि आज के समय में युवा वर्ग नशे के दलदल में धंस रहा है जो कि चिंता का विषय है। लेकिन अगर ऐसी सामाजिक संस्थाएं खेलों के आयोजन करवाती रही तो इससे युवा वर्ग नशे जैसे विकारों का त्याग कर खेलों में रुचि दिखाने लगेगा। भुट्टो ने कहा कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रदेश सरकार ठोस कदम उठा रही है और हर हाल में हिमाचल प्रदेश नशा मुक्त होगा। भुट्टो ने कहा कि शहीद भगत सिंह मेमोरियल क्लब लठियानी इस दिशा में बढ़ चढ़कर कार्य करे। भुट्टो ने कहा कि उनका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखने एवं कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को खेल का हब बनाना है। इस अवसर पर कैप्टन प्रीतम डडवाल कांगड़ा बैंक के डायरेक्टर व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लठियानी की ओर से 15 -15 रुपयों का चेक आपदा राहत कोष में विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो को प्रदान किया गया। शहीद भगत सिंह मेमोरियल क्लब लठियानी को 31000 व जिम के लिए 2 लाख रुपए दिए। विजेता टीम को 15000 और उपविजेता टीम को 11000 की नगद राशि प्रदान की गई। इस मौके पर रमेश चंद,जिला परिषद सदस्य सत्या देवी, सुरेंद्र ठाकुर, पिंटू लाला, बेबी,अश्विनी ठाकुर, निर्मल सिंह, जोगिंदर सिंह पुन्नू, एडवोकेट अरुण ठाकुर, राम सिंह, ठाकुर राजेश कुमार, पवन ठाकुर, दिनेश शर्मा, ओमप्रकाश व भगत सिंह क्लब के सदस्य वरिष्ठ पत्रकार सुशील ठाकुर, रोहित रॉकी, सुरेश चेतु, जिला युवा कांग्रेस महासचिव हर्ष शर्मा के अलावा अन्य गणमान्य रोग उपस्थित रहे।

विधायक देवेंद्र भुट्टो ने शहीद बृजेश की पत्नी श्वेता को किया सम्मानित

कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने लठियानी में एक दिवसीय खेल कार्यक्रम प्रतियोगिता में बंगाणा के ननावीं के शहीद बृजेश कुमार की धर्म पत्नी श्वेता कुमारी को मंच से सम्मानित करते हुए कहा कि शहीद बृजेश कुमार की शहादत पर कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरे देश को गर्व है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *