February 24, 2026

तलमेहड़ा के रौनखर में समर की जहरीले सांप के डसने से मृत्यु

समर के पिता तलमेहड़ा में करते है मनियारी की दुकान, दुकान पर हुआ था सुबह दस बजे हादसा

अजय कुमार, बंगाणा : उपमण्डल बंगाणा के तलमेहड़ा के रौनखर गांव के 10 वर्षीय मासूम बच्चे समर की सांप के डसने से मृत्यु हो गई। इस घटना से संपूर्ण क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समर शर्मा आयु दस वर्ष पुत्र ओम प्रकाश शर्मा अपनी दुकान पर होमवर्क कर रहा था कि सोमवार सुबह दस बजे होमवर्क करते हुए समर का पैन जमीन पर गिर गया। जैसे ही समर जमीन से पैन उठाने लगा वैसे ही काउंटर के नीचे बैठे साँप ने समर शर्मा को डंस लिया। समर के पिता ओम प्रकाश शर्मा ने पुत्र को बंगाणा सिविल अस्पताल पहुंचाया। बंगाणा में समर की हालत को नाजुक देखते हुए उपचार के बाद ऊना रैफर कर दिया। लेकिन रास्ते मे तबीयत ज्यादा खराब होने पर समर को पिता ओम प्रकाश थानाकलां अस्पताल ले गए लेकिन अस्पताल के चिकित्सकों ने बच्चे को मृत करार दे दिया।

परिवार का इकलौता चिराग था समर

परिवार का 10 वर्षीय समर इकलौता चिराग था। ओम प्रकाश की एक बड़ी बेटी भी है जो कि नौवीं कक्षा में पढ़ती है। तलमेहड़ा बाजार में मनियारी की दुकान से परिवार का पोषण करने वाले ओम प्रकाश को क्या पता था कि सोमवार के दिन दुकान में उसके बेटे को सांप काट लेगा अन्यथा वह बेटे को घर पर ही रहने देता। परिजनों के मुताबिक बेटा दुकान में बेंच पर बैठकर स्कूल का होमवर्क कर रहा था कि अचानक उसका पेन नीचे फर्श पर जा गिरा पेन को उठाने के लिए जैसे ही वे नीचे झुका दुकान के अंदर पहले से ही घुसे जहरीले सांप ने उसको डस लिया। समर के पिता उसे थानाकलां व बंगाणा अस्पताल ले आए लेकिन दोनों अस्पतालों के चिकित्सक समर को मौत के मुंह से नहीं बचा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *