ऑपरेशन सिंदूर के बाद अब तक पकड़े गए 457 जासूस
मोहाली, ऑपरेशन सिंदूर के बाद से अब तक 457 जासूसों को पकड़ा गया है। इस बात का खुलासा पंजाब पुलिस की पाकिस्तान आईएसआई पर एक रिपोर्ट में हुआ है। इसमें कहा गया कि 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ये गिरफ्तारियां हुई हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद आईएसआई ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों को ज्यादा सक्रिय किया। इन लोगों को भारत में सैन्य गतिविधियों, रणनीतिक स्थलों और सीमा तैनाती से संबंधित संवेदनशील जानकारी एकत्र करने का काम सौंपा गया। आरोप है कि भर्ती सोशल मीडिया, हनी-ट्रैपिंग और नकद प्रलोभनों के जरिए की गई, और भुगतान हवाला चैनलों और एन्क्रिप्टेड एप्स के माध्यम से किया गया। कुछ जासूसों ने तो सैन्य और पुलिस प्रतिष्ठानों के पास सौर ऊर्जा से चलने वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने की कोशिश भी की, लेकिन समय रहते उनका पता चल गया।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने एक समाचार पत्र को बताया कि राज्य पुलिस ने कई महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी जुटाकर अन्य राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों को भेजी, जिसके परिणामस्वरूप 2025 में 437 और मार्च 2026 तक 17 अन्य व्यक्तियों की पहचान हुई। उन्होंने कहा कि पंजाब आईएसआई के प्रमुख लक्ष्यों में से एक है। हमारी सूचनाओं ने हमें सक्रिय दृष्टिकोण अपनाने में मदद की, जिसके परिणामस्वरूप गिरफ्तारियां हुईं और संवेदनशील जानकारी लीक होने से पहले ही उनके गुर्गों को समय रहते पकड़ा गया।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद गिरफ्तार किए गए लोगों में हिसार की यूट्यूबर ज्योति रानी भी शामिल थीं। गिरफ्तार लोगों में यूपी के कैराना का नौमान इलाही भी है जो पानीपत की फैक्ट्री में गार्ड था। हरियाणा के कैथल निवासी देवेंद्र सिंह को भी गिरफ्तार किया गया था। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के अभिषेक भारद्वाज को 29 मई, 2025 को गिरफ्तार किया गया। पंजाब में, छह अलग-अलग मामलों में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया। तरनतारन निवासी गगनदीप सिंह, रूपनगर निवासी यूट्यूबर जसबीर सिंह भी गिरफ्तार लोगों की फेहरिस्त में हैं। इन लोगों से कई दस्तावेज भी मिले।
