नगर परिषद सुजानपुर के लिए दूसरे दिन भरे गए 22 नामांकन पत्र
सुजानपुर, नगर परिषद सुजानपुर के 9 वार्डों के लिए होने वाले चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन वीरवार को 22 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। एसडीएम एवं नगर परिषद सुजानपुर के निर्वाचन अधिकारी विकास शुक्ला ने बताया कि एक मई को बुद्ध पूर्णिमा की छुट्टी के कारण कोई भी नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। 2 मई को नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन है और इस दिन सुबह 11 से दोपहर बाद 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते हैं।
4 मई को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच शुरू होगी तथा 6 मई को दोपहर बाद 3 बजे तक उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र वापस ले सकेंगे। इसके तुरंत बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न जारी कर दिए जाएंगे।
17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान की समाप्ति के बाद इसी दिन शाम को परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
