June 2, 2026

ईरान ने अपने कर्मों की बहुत भारी कीमत चुका दी है: बेंजामिन नेतन्याहू

यरूशलम-तेल अवीव, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि तेहरान ने अपने कर्मों की बहुत भारी कीमत चुका दी है और वहां के मौजूदा शासन की बुनियादें हिल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जो भी इजरायल के खिलाफ साजिश रचेगा, उसकी योजनाएं नाकाम होंगी और उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। सोमवार को मोसाद निदेशक डेविड बरनिया के विदाई समारोह में नेतन्याहू ने अपने संबोधन में ये बातें कहीं। मंगलवार को उन्होंने एक्स प्लेटफॉर्म पर कुछ प्रमुख बातों को पोस्ट किया। नेतन्याहू ने कहा- जो कोई भी इजरायल के खिलाफ बुरी नीयत से देखेगा, उसे यह जान लेना चाहिए कि उसकी साजिशें असफल होंगी। उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। ईरान पहले ही बहुत बड़ी कीमत चुका चुका है। इस शासन की नींव दरक चुकी है। यह कभी पहले जैसा नहीं हो सकेगा, और अंततः इसका पतन होगा।
इजरायली पीएम का यह बयान ऐसे समय आया है जब इजरायली पीएम को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कथित तौर पर लेबनान में हमले रोकने को कहा है। द टाइम्स ऑफ इजरायल ने भी एक्सियोस वेबसाइट के हवाले से लिखा है कि ट्रंप ने अपशब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने लेबनान हमलों पर नाराजगी जताई।
नेतन्याहू ने अपने संबोधन में इजरायली खुफिया एजेंसी मोसाद की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि दुनिया में इजरायल ने तकनीक, रक्षा, चिकित्सा और कृषि जैसे क्षेत्रों में कई वैश्विक पहचान बनाई हैं, लेकिन “मोसाद” भी एक ऐसा नाम है जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ खुफिया और आतंकवाद-रोधी संगठन के रूप में देखा जाता है। उन्होंने कहा कि वर्षों के अनुभव के आधार पर वह पूरे विश्वास के साथ कह सकते हैं कि मोसाद से बेहतर कोई खुफिया एजेंसी नहीं है।
प्रधानमंत्री ने डेविड बरनिया के 30 साल के कार्यकाल को इजरायल के इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण दौरों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि बरनिया के नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गईं, जिन्होंने इजरायल की सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *