January 27, 2026

वक्फ कानून आज से लागू, पश्चिम बंगाल में हिंसा

प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया, गाड़ियां जलाई, पुलिस ने लाठीचार्ज किया

कोलकाता: वक्फ संशोधन कानून मंगलवार से देश भर में लागू हो गया है। गृह मंत्रालय ने इसकी पुष्टि कर दी है। वक्फ संशोधन बिल 2 अप्रैल को लोकसभा से व 3 अप्रैल को राज्यसभा से पास हुआ था। 5 अप्रैल को राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद यह कानून बना था। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में मंगलवार शाम को वक्फ कानून के विरोध के दौरान हिंसा भड़क गई है। कई वाहनों को प्रदर्शनकारियों ने आग लगा दी है। इसमें पुलिस की गाड़ियां भी शामिल है। प्रदर्शनकारियों से झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वक्फ कानून के विरोध में मुर्शिदाबाद में मुस्लिम संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर फेंके। पुलिस ने उन्हें खदेड़ने के लिए आंसू गैस के गोले दागे व लाठी चार्ज किया। इससे भीड़ हिंसक हो गई। लोगों ने पुलिस के वाहनों और अन्य वाहनों में आग लगा दी। इसके बाद भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। वक्फ संशोधन बिल को पास होने के बाद से अब तक सुप्रीम कोर्ट में 12 याचिकाएं दाखिल हो चुकी है। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने 11 अप्रैल से पूरे देश में विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *