विनेश फोगाट पर लग सकता है बैन: संजय सिंह
गोंडा, भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने दिग्गज महिला पहलवान विनेश फोगाट को लेकर एक बेहद सख्त बयान दिया है। गोंडा के नंदिनीनगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित सीनियर नेशनल रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता में पहुंचे अध्यक्ष ने साफ कर दिया है कि भारतीय कुश्ती संघ के नियमों की अनदेखी करने पर विनेश को अनुशासनहीनता का नोटिस भेजा गया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर विनेश का जवाब संतोषजनक नहीं मिला, तो उनके खिलाफ प्रतिबंध (बैन) जैसी बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे संजय सिंह ने कहा कि विनेश अब हर छोटी-बड़ी बात पर आरोप लगाने की आदी हो चुकी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब विनेश ने इस प्रतियोगिता में आने की बात कही थी, तब कुश्ती संघ ने उनकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी ली थी। उन्हें सुरक्षित लाना, मैच करवाना और वापस छोड़ना संघ की जिम्मेदारी थी। ऐसे में जब देशभर से, विशेषकर हरियाणा से बड़ी संख्या में महिला पहलवान यहां आई हैं, तो अपनी ही व्यवस्था पर सवाल खड़े करना पूरी तरह से गलत है।
कुश्ती संघ के अध्यक्ष ने साल 2023 में हुए पहलवानों के बड़े आंदोलन पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस आंदोलन की वजह से भारतीय कुश्ती को बहुत भारी नुकसान उठाना पड़ा है। ओलंपिक को लेकर हमारा लक्ष्य चार मेडल जीतने का था, लेकिन आंदोलन की वजह से खिलाड़ियों की तैयारियों पर बुरा असर पड़ा और हम सिर्फ एक मेडल ही ला सके। हालांकि, उन्होंने राहत जताते हुए कहा कि अब साल 2024 में बेटियों ने मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया है और कुश्ती एक बार फिर पटरी पर आ गई है। 2028 के ओलंपिक के लिए अभी से कमर कस ली गई है और भारत को चार से पांच मेडल मिलने की पूरी उम्मीद है। संजय सिंह ने आशंका जताते हुए कहा कि कुछ देश विरोधी ताकतें एक बार फिर से कुश्ती का शानदार माहौल खराब करने की साजिश रच सकती हैं।
