February 17, 2026

न्यू जर्सी में हवा में टकराए दो हेलीकॉप्टर, एक पायलट की मौत

नई दिल्ली, अमेरिका के न्यू जर्सी राज्य में एक बड़ा विमान हादसा हो गया। हैमॉन्टन शहर के ऊपर हवा में उड़ रहे दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए, जिसके बाद दोनों हेलीकॉप्टर जमीन पर गिरकर क्रैश हो गए। इस दुर्घटना में एक पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया है।

घटनास्थल से सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि एक हेलीकॉप्टर तेज़ी से गोल-गोल घूमता हुआ नीचे गिरता है। दुर्घटना के बाद एक हेलीकॉप्टर में आग लग गई, जिसे पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया। संघीय उड्डयन प्रशासन ने बताया कि हैमॉन्टन म्यूनिसिपल एयरपोर्ट के ऊपर एनस्ट्रॉम एफ-28ए और एनस्ट्रॉम 280सी मॉडल के दो हेलीकॉप्टरों के बीच हवा में टक्कर हुई। दोनों हेलीकॉप्टरों में केवल एक-एक पायलट सवार थे। टक्कर के बाद एक पायलट की मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एपी की रिपोर्ट के अनुसार, दुर्घटनास्थल के पास स्थित एक कैफे के मालिक साल सिलिपिनो ने बताया कि दोनों पायलट एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे और अक्सर उनके कैफे में साथ बैठकर नाश्ता करते थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने और अन्य ग्राहकों ने हेलीकॉप्टरों को उड़ान भरते देखा, लेकिन कुछ ही देर बाद एक हेलीकॉप्टर नीचे की ओर जाने लगा और फिर दूसरा भी गिरने लगा। सिलिपिनो ने कहा- यह बेहद चौंकाने वाला था। हादसे के बाद से मैं अब तक कांप रहा हूं।

हैमॉन्टन पुलिस प्रमुख केविन फ्रेल ने बताया कि इस दुर्घटना की जांच संघीय उड्डयन प्रशासन और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड द्वारा की जाएगी। जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश करेंगे कि टक्कर से पहले दोनों पायलटों के बीच कोई बातचीत हुई थी या नहीं और क्या वे एक-दूसरे को देख पा रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *