April 15, 2026

अर्धनग्न होकर चलती कार की सनरूफ से स्टंट कर रहा था युवक, पुलिस ने थमाया 21,500 रुपए का चालान

हापुड़, उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में नेशनल हाईवे-9 (दिल्ली-लखनऊ हाईवे) पर रील और स्टंट के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले एक युवक को पुलिस ने करारा सबक सिखाया है। गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की सनरूफ से अर्धनग्न हालत में बाहर निकलकर स्टंट कर रहे इस युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। इस घोर लापरवाही का संज्ञान लेते हुए हापुड़ ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और मोटर वाहन नियमों के उल्लंघन में 21,500 रुपये का भारी-भरकम ऑनलाइन चालान थमा दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, हाईवे पर फर्राटा भरती एक कार के भीतर कानफोडू आवाज में गाने बज रहे थे और एक युवक सनरूफ से आधा बाहर निकलकर खतरनाक तरीके से हंगामा करते हुए अपना ‘भौकाल’ दिखा रहा था। सड़क पर स्टंटबाजी का यह नजारा देखकर पीछे चल रहे एक अन्य राहगीर ने इसका वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और उसे इंटरनेट पर शेयर कर दिया। वीडियो के वायरल होते ही हापुड़ पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। यातायात पुलिस ने वीडियो की गहनता से जांच कर गाड़ी के नंबर को ट्रेस किया और बिना देरी किए एमवी एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत 21,500 रुपये का ई-चालान काट दिया।
स्टंटबाजों पर नकेल कसने के लिए की गई इस त्वरित कार्रवाई के बाद हापुड़ के यातायात निरीक्षक नरेश कुमार ने जिलेवासियों से एक विशेष अपील की है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे यातायात नियमों के अनुरूप ही अपने वाहनों का प्रयोग करें और सड़क पर ऐसा कोई भी स्टंट या लापरवाही न करें जिससे किसी की भी जान पर बन आए। पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि हाईवे या सड़कों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी चालक को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर विधिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *