पाकिस्तानी बैंक के कारनामे से खूब हो रही मुल्क की जग-हंसाई
नई दिल्ली : पाकिस्तानी बैंक का ऐसा कारनामा सामने आया है जिसकी वजह से मुल्क की खूब जग-हंसाई हो रही है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स खुद को नेशनल बैंक ऑफ पाकिस्तान की मॉडल कॉलोनी ब्रांच का मैनेजर बता रहा है।
वीडियो में शख्स को 1000 रुपये के दो नोट को पकड़े हुए देखा जा सकता है, जिसके पिछले हिस्से पर कोई प्रिंटिंग नहीं है। चौंकाने वाली बात ये है कि गलत प्रिंट होने के बावजूद यह नोट आम जनता तक पहुंच गया। मंगलवार को इस वीडियो के सामने आते ही देश में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान को जांच की घोषणा करनी पड़ी। वीडियो में कथित मैनेजर कहता है, ‘मुझे पता नहीं अब तक ऐसे कितने बंडल भेजे जा चुके हैं। हमें इसके बारे में तब पता चला, जब एक कस्टमर इसे लौटाने के लिए हमारे पास पहुंचा।’ इसके बाद शख्स एक टेबल की ओर बढ़ता है, जहां बैंक के अन्य कर्मचारी फर्जी नोटों के बंडल का निरीक्षण कर रहा था। वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही कर्मचारी नोट पलटता है, एक के बाद एक करके सभी पीछे से खाली निकलते हैं।
