केजरीवाल के भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और झूठ की वजह से ‘आप’ को छोड़ा: स्वाति मालीवाल
कहा, पंजाब के लोगों का पैसा, यह लोग अपने शौक के लिए खर्च कर रहे
नई दिल्ली, आम आदमी पार्टी को छोड़ने वाले राज्यसभा के सात सांसदों में स्वाति मालीवाल का नाम भी शामिल है। अब स्वाति मालीवाल ने आप छोड़ने के पीछे कई कारण गिनाए हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और झूठ की वजह से ‘आप’ को छोड़ना पड़ा। स्वाति मालीवाल ने नई दिल्ली में एक समाचार एजेंसी से बातचीत में भाजपा में जाने के अपने इरादे और आप को छोड़ने के पीछे की कहानी बताई। उन्होंने कहा कि मैंने आम आदमी पार्टी छोड़ दी और भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई हूं। मैं 2006 से अरविंद केजरीवाल के साथ काम कर रही हूं। मैंने अपना घर छोड़ा, अपनी नौकरी छोड़ दी और सात साल तक झुग्गी-झोपड़ी वाले इलाकों में रही। पार्टी के हर आंदोलन में उनका साथ दिया, लेकिन अरविंद केजरीवाल ने अपने साथियों से अपने ही घर पर मुझे बेरहमी से पिटवाया। जब मैंने एफआईआर दर्ज करवाने की कोशिश की, तो मुझे धमकाया गया और डराया गया। पिछले दो साल में भी हरसंभव प्रयास किया गया और दबाव बनाया गया कि मैं एफआईआर वापस ले लूं। संसद में मुझे बोलने के लिए एक मिनट भी नहीं दिया गया। स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल को महिला विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि वे देश में झूठ, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी के लिए जाने जाते हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव हारने के बाद वे पंजाब की सरकार को रिमोट कंट्रोल से चला रहे हैं और पंजाब को इन्होंने अपना निजी एटीएम बना दिया है। पंजाब का जिक्र करते हुए स्वाति मालीवाल ने कहा कि पंजाब में हालात बहुत खराब हैं। अगर आप आज पंजाब जाकर किसी से भी बात करें, तो पता चलेगा कि लोग अरविंद केजरीवाल से दिल से नफरत करते हैं। इसकी वजह यह है कि उन्होंने पंजाबियत को चुनौती दी है। उन्होंने दिल्ली के सभी नकारे हुए विधायकों को पंजाब के लोगों के ऊपर बैठा दिया है। क्या उन्हें किसी भी कमीशन में नियुक्त करने के लिए कोई पंजाबी नहीं मिला।
उन्होंने विभव कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि जिस शख्स ने मुझे मारा और मेरे साथ इतनी बदतमीजी की, उसे पूरी दुनिया जानती है। अरविंद केजरीवाल ने उस आदमी को पंजाब में जेड प्लस सुरक्षा दी है। अरविंद केजरीवाल ने उस आदमी को भगवंत मान का मुख्य सलाहकार नियुक्त किया है। अभी भगवंत मान के साथ विभव कुमार नीदरलैंड गए। वहां एक लाख रुपए वाले कमरे में ठहराया गया। पंजाब के लोगों का पैसा, यह लोग अपने शौक के लिए खर्च कर रहे हैं, पंजाब की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
पीएम मोदी की लीडरशिप की तारीफ करते हुए स्वाति मालीवाल ने कहा कि मैं मानती हूं कि प्रधानमंत्री मोदी न सिर्फ देश में, बल्कि विश्व में सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं, चाहे वह ऑपरेशन सिंदूर हो, देश से नक्सलवाद का खात्मा हो या महिला आरक्षण बिल संसद में लाना हो।,मैं पीएम मोदी के काम से प्रभावित हूं और किसी मजबूरी में भाजपा में शामिल नहीं हो सकी, लेकिन अब मैं भाजपा में शामिल हो रही हूं क्योंकि मैं दिल से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्वास करती हूं और उनके नेतृत्व में काम करना चाहती हूं।
