December 27, 2025

पंजाब में भाजपा-शिअद के बीच गठबंधन पर चल रहा सर्वे!

वायरल वीडियो के बाद चर्चा तेज; दोनों पार्टियों के नेताओं ने किया इनकार

चंडीगढ़, पंजाब में 2027 में विधान सभा चुनाव होने वाले हैं। इसी बीच शिरोमणि अकाली दल और भाजपा में गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं और बयानों के बीच एक वीडियो क्लिप ने इसको और हवा दे दी है। बता दें वायरल हो रही वीडियो क्लिप एक सर्वे की दिखाई दे रही है। इसमें लोगों से दोनों पार्टियों के गठजोड़ के संबंध में और वोटिंग के बारे में भी पूछा जा रहा है।

हालांकि दोनों पार्टियों के नेताओं ने इस तरह के सर्वे से पूरी तरह से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि इस तरह से सर्वे उनकी पार्टियों की तरफ से नहीं करवाया जा रहा है। अब सवाल यह उठ रहा है कि फिर यह सर्वे करवा कौन रहा है।

यह सर्वे तब आया है जब दोनों पार्टियों के गठजोड़ को लेकर चर्चाएं पूरे जोरों पर हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह दोनों पार्टियों के गठजोड़ के पक्ष में हैं। वह इसको लेकर बयान तक दे चुके हैं। हालांकि भाजपा की प्रदेश की लीडरशिप इसे लेकर ज्यादा बोलने को तैयार नहीं है और फैसला पार्टी हाईकमान पर छोड़ने की बात कहती है। इसके बीच यह सर्वे पूरी तरह से सुर्खियों में बना हुआ है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दो सवाल पूछे जा रहे हैं, जिनमें पहला सवाल है कि क्या आप शिअद और भाजपा के गठजोड़ को चाहते हैं? वहीं दूसरे सवाल में पूछा जा रहा है कि अगर 2027 विधानसभा चुनाव में शिअद और भाजपा का गठजोड़ होता है, तो आप किसे वोट देंगे?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *