महाकुम्भ में सुपर डीलक्स और विला टेंट की भी सुविधा
लखनऊ: महाकुम्भ 2025 में जाने की योजना बना रहे हैं तो वहां पर टेंट सिटी में अत्याधुनिक सुविधाओं वाले सुपर डीलक्स और विला भी बुक किए जा सकते हैं। आइआरसीटीसी ने इसकी बुकिंग खोल दी है। विला का 24 घंटे का किराया 20 हजार रूपये रखा गया है जबकि सुपर डीलक्स टेंट का किराया 18 हजार रूपये तक होगा। इसी धनराशि में आइआरसीटीसी सुबह के सात्विक नाश्ते के साथ ही दोपहर और रात्रि का भोजन भी उपलब्ध कराएगा।
महाकुंभ के समय भीषण ठंड होने का अनुमान है और यही वजह है कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आइआरसीटीसी ने अत्याधुनिक विला और सुपर डीलक्स टेंट लगवाने का फैसला लिया है। नैनी के सेक्टर 25 अरैल रोड पर त्रिवेणी संगम से यह करीब साढ़े तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। सुपर डीलक्स टेंट और विला टेंट में बाथरूम में गर्म व ठंडे पानी के साथ ही ब्लोअर आदि की सुविधाएं भी पर्यटकों को मुहैया कराई जाएंगी।
इसके अलावा विला टेंट में पर्यटक टेलीविजन का भी आनंद ले सकेंगे। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसी कैमरे भी लगावाए जाने हैं। इसके अलावा महाकुंभ ग्राम में प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं और चौबीसों घंटे आपातकालीन सहायता भी श्रद्धालुओं को मिलेगी। ये विला और सुपर डीलक्स टेंट अग्निरोधी होंगे।
इसके अलावा सुपर डीलक्स और विला टेंट में अतिरिक्त बेड लगवाने की व्यवस्था भी रहेगी। सुपर डीलक्स में अतिरिक्त बेड के लिए पांच हजार रुपये देने होंगे, जबकि विला में सात हजार रुपये का भुगतान करना होगा।
