May 28, 2026

कनाडा में एक और भारतीय छात्रा की हत्या से सनसनी

हमलावरों ने चाकुओं से किया हमला

नई दिल्ली, कनाडा में एक बार फिर भारतीय मूल के नागरिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इस बार गुजरात की रहने वाली 22 वर्षीय भारतीय छात्रा विधि मेघा की नायग्रा क्षेत्र में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद भारतीय समुदाय में गहरा आक्रोश और शोक का माहौल है।

मृतका की पहचान गुजरात के आणंद जिले के बोरसद की रहने वाली विधि मेघा के रूप में हुई है। वह उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गई थी और वहीं पढ़ाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि विधि अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए कनाडा में स्थायी निवास (PR) की तैयारी भी कर रही थी।

परिजनों के अनुसार विधि पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट टाइम नौकरी भी करती थी, ताकि अपने खर्च खुद उठा सके। परिवार का कहना है कि वह मेहनती और महत्वाकांक्षी छात्रा थी तथा अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार संघर्ष कर रही थी।

बताया जा रहा है कि विधि 15 मई से अचानक लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद उसका शव कनाडा-अमेरिका बॉर्डर के पास नायग्रा इलाके से बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात हमलावर ने चाकू से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या की।

कनाडाई पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और संदिग्ध की तलाश जारी है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद कनाडा में रह रहे भारतीय छात्रों और प्रवासी समुदाय में डर और चिंता का माहौल है। परिजनों ने केंद्र सरकार और भारतीय दूतावास से मामले में जल्द न्याय दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *