पंजाब में कड़ाके की ठंड के चलते बढ़ी स्कूलों की छुट्टियां
अब 8 जनवरी को खुलेंगे सभी स्कूल
चंडीगढ़, पंजाब में बढ़ते सर्दी और घने कोहरे के असर को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने का फैसला किया है। अब प्रदेश के सभी सरकारी, एडिड, मान्यता प्राप्त और निजी स्कूल 8 जनवरी को दोबारा खुलेंगे। यह घोषणा शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने की है।
शिक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत बच्चों और स्कूल स्टाफ की सेहत व सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने लिखा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रहे कोहरे और ठंड को देखते हुए 7 जनवरी तक सभी स्कूलों में अवकाश रहेगा और 8 जनवरी से नियमित कक्षाएं शुरू होंगी।
पंजाब में वर्तमान में 19 हजार से ज्यादा सरकारी स्कूल संचालित हैं, जिनमें 35 लाख से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। मौसम विभाग पहले ही चेतावनी दे चुका है कि 1 जनवरी के बाद ठंड और बढ़ सकती है, ऐसे में शिक्षा विभाग किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहता।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि बढ़ाई गई छुट्टियां वार्षिक अकादमिक कैलेंडर का हिस्सा हैं। साथ ही, मंथली वाइज सिलेबस भी इसी आधार पर तय किया गया है, ताकि स्कूल खुलने के बाद पढ़ाई पर कोई असर न पड़े। सरकार ने चेतावनी दी है कि यदि कोई निजी स्कूल सरकारी आदेशों का पालन नहीं करता, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
