February 14, 2026

आप’ की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ शिअद देगा धरने

चंडीगढ़ : शिरोमणि अकाली दल (शिअद) आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करने के लिये राज्य में जिला स्तर धरना आयोजित करेगा। शिअद के कार्यकारी अध्यक्ष सरदार बलविंदर सिंह भूंदड़ ने शनिवार यहां एक प्रेस बयान जारी करते हुये कहा है कि जिला स्तरीय धरने को 10 सितंबर को लुधियाना से शुरू किया जायेगा, इसके बाद 11 सितंबर को फिरोजपुर, 12 को फाजिल्का, 13 को मोगा, 16 को श्री मुक्तसर साहिब, 17 को बठिंडा, 18 को मानसा, 19 को संगरूर, 20 को बरनाला और 23 सितंबर को शहीद भगत सिंह नगर में धरने दिये जायेंगे।

भूंदड़ ने कहा कि पार्टी आप सरकार को बेनकाब करेगी कि किस तरह से उसने बिजली सब्सिडी वापिस लेकर, पेट्रोल और डीजल पर बार-बार वैट बढ़ाया, बस किराया 23 पैसे प्रति किलोमीटर ब़ढ़ाकर और वाहनों पर कर और जमीन के दस्तावेजों के पंजीकरण शुल्क में बढ़ोतरी कर आम आदमी को निराश कर दिया है।

उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है, और गैंगस्टर राज्य पर शासन कर रहे हैं, जिसमें डकैती, लूट, जबरन वसूली, कत्लेआम आम बात हो गयी है। उन्होंने कहा कि इसके कारण उद्योग राज्य से पलायन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिअद भगवंत मान सरकार को बेनकाब करेगी कि किस तरह से सरकार किसानों, व्यापारियों, मजदूरों, आम आदमी और समाज के अन्य सभी वर्गों के हितों के खिलाफ काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *