June 23, 2026

बागियों ने टीएमसी के अध्यक्ष पद से ममता बनर्जी को हटाया

अरूप रॉय को बनाया गया नया अध्यक्ष

कोलकाता, पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बड़ा भूचाल आ गया है। जिस तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की नींव खुद ममता बनर्जी ने रखी थी, अब वही पार्टी उनके हाथों से पूरी तरह फिसलती हुई नजर आ रही है। टीएमसी के बागी विधायकों ने सोमवार को कोलकाता में एक अहम बैठक कर भारी उलटफेर कर दिया है। इस गुट ने पार्टी की संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अध्यक्ष पद से बेदखल करते हुए पूर्व मंत्री अरूप रॉय को सर्वसम्मति से टीएमसी का नया बॉस (अध्यक्ष) चुन लिया है।

बागी गुट द्वारा पार्टी का अध्यक्ष बदले जाने के साथ ही पूरी नई कार्यकारिणी का भी ऐलान कर दिया गया है। बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने बताया कि विधायक संदीपन साहा, जावेद खान और खुद ऋतब्रत बनर्जी को महासचिव की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही, पूर्व कोलकाता मेयर फिरहाद हकीम, पूर्व मंत्री अरूप बिस्वास और रथिन घोष को बागी गुट का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि रघुनाथगंज के विधायक अखरुज्जमान को पार्टी का नया कोषाध्यक्ष बनाया गया है।

इस बड़े तख्तापलट को वैध ठहराते हुए ऋतब्रत बनर्जी ने दावा किया कि उनके गुट ने बदलाव की इस प्रक्रिया में चुनाव आयोग के सभी नियमों और कानूनों का सख्ती से पालन किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम और नई नियुक्तियों की विस्तृत जानकारी जल्द ही चुनाव आयोग को भी सौंप दी जाएगी। बागी नेता ने साफ शब्दों में कहा कि उनकी ओर से उठाया गया हर एक कदम पूरी तरह से कानूनी है और अब उनका गुट ही असली ‘तृणमूल कांग्रेस’ है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब ऋतब्रत बनर्जी से यह तीखा सवाल पूछा गया कि आधिकारिक तौर पर तो अभी भी ममता बनर्जी पार्टी की अध्यक्ष हैं और अभिषेक बनर्जी महासचिव के पद पर काबिज हैं, तो उन्होंने इस बात को सिरे से खारिज कर दिया। बनर्जी ने कहा कि उन्हें कालीघाट (ममता बनर्जी का आवास) में हो रहे किसी भी घटनाक्रम से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वहां लोगों की नियुक्तियां होती हैं और अगले ही दिन उनके इस्तीफे की खबरें भी सामने आ जाती हैं, इसलिए अब उनके बारे में चर्चा करने का कोई तुक नहीं बनता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *