May 12, 2026

राष्ट्रीय क्रांति पार्टी ने शिरोमणि अकाली दल को बिना शर्त समर्थन देने का किया ऐलान

चंडीगढ़, राष्ट्रीय क्रांति पार्टी (अंबेडकर) ने आगामी नगर निगम और विधानसभा चुनावों में शिरोमणि अकाली दल को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिंगारा सिंह कल्याण ने सोमवार को अपनी कोर कमेटी सहित शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल से मुलाकात की और उन्हें सहयोग का भरोसा दिया।

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल ने अनुसूचित जातियों, विशेषकर वाल्मीकि समाज के कल्याण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए थे, जिन्हें समाज कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि अकाली दल को समर्थन देकर पार्टी उनकी सेवाओं को राजनीतिक श्रद्धांजलि अर्पित कर रही है। उन्होंने श्री बादल से मांग की कि भविष्य में अकाली सरकार बनने पर मजहबी सिख समाज के सामाजिक और राजनीतिक उत्थान के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

बादल ने समर्थन का स्वागत करते हुए कहा कि शिरोमणि अकाली दल हमेशा सभी धर्मों और वर्गों का सम्मान करता आया है। उन्होंने कहा कि अमृतसर स्थित भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मिला यह समर्थन समाज सेवा के लिए पार्टी को और मजबूती देगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक एन के शर्मा , राजिंदर अटवाल, दीपक घई, विकास हंस समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और दोआबा, माझा व मालवा क्षेत्रों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *