February 19, 2026

हाथापाई मामले में राहुल गांधी की बढ़ सकती हैं मुश्किलें

नई दिल्ली: संसद परिसर में हाथापाई के सिलसिले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। राहुल के खिलाफ दर्ज केस के एक दिन बाद पुलिस आज दो घायल सांसदों के बयान दर्ज कर सकती है और विपक्ष के नेता को पूछताछ के लिए भी बुला सकती है।

एक समाचार एजेंसी के अनुसार, दिल्ली पुलिस संसद सचिवालय को पत्र लिखकर उस क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की मांग कर सकती है, जहां कथित घटना हुई थी। एक अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मामले को स्थानीय पुलिस से क्राइम ब्रांच को सौंपने पर भी विचार कर सकते हैं।

संसद मार्ग थाने में गुरुवार को भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 117 (स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाना), 125 (दूसरों की जान या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने का कृत्य), 131 (आपराधिक बल का प्रयोग), 351 (आपराधिक धमकी) और 3(5) (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया।

संसद परिसर में धक्का मुक्की में सिर में चोट लगने वाले दो भाजपा सांसदों की हालत अब काफी बेहतर है और वे यहां राम मनोहर लोहिया अस्पताल के आईसीयू में निगरानी में हैं, अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। ओडिशा से सांसद प्रताप सारंगी और उत्तर प्रदेश के मुकेश राजपूत को गुरुवार को सिर में चोट लगने के बाद संसद से अस्पताल लाया गया था।

आरएमएल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शुक्ला ने कहा कि दोनों सांसदों की हालत अब काफी बेहतर है और उनका बीपी भी नियंत्रण में है। डॉ. शुक्ला ने कहा कि मुकेश राजपूत को अभी भी थोड़े चक्कर आ रहा है और सिर में भारीपन है। सारंगी को दिल की पुरानी बीमारी है। उनके दिल में पहले से ही स्टंट लगा हुआ है। उन्हें आईसीयू में निगरानी में रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *