June 28, 2026

फ्रांस में स्काईडाइवर्स से भरा विमान क्रैश, 11 की दर्दनाक मौत

ब्लैक बॉक्स की तलाश तेज

नैन्सी, फ्रांस में कुछ स्काईडाइवर्स के लिए रोमांचक सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। पूर्वी फ्रांस के नैन्सी शहर के पास रविवार को एक छोटा नागरिक विमान भयानक हादसे का शिकार हो गया, जिसमें 11 लोगों ने तड़प-तड़प कर अपनी जान गंवा दी। इस खौफनाक दुर्घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है और घटनास्थल पर चीख-पुकार मची हुई है।

जानकारी के मुताबिक, यह भीषण हादसा नैन्सी शहर के करीब टॉमब्लेन इलाके में रविवार दोपहर के वक्त हुआ। मेउर्थ-एट-मोसेले प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि क्रैश की सूचना मिलते ही तुरंत एक बड़ा आपातकालीन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। फायर ब्रिगेड, पुलिस और एंबुलेंस की विशेष टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। फ्रांस 3 ग्रैंड एस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान में भारी मात्रा में ईंधन भरा हुआ था, जिसके चलते वहां कभी भी बड़ा विस्फोट हो सकता है। इसी खतरे को भांपते हुए बचाव दल बेहद सतर्कता के साथ शवों और घायलों को निकालने में जुटा है।

क्षेत्रीय समाचार पत्र एल एस्ट रिपब्लिकन के हवाले से बताया गया है कि इस बदनसीब विमान में स्काईडाइविंग के शौकीन लोगों का एक समूह सवार था। ये सभी बादलों के बीच से छलांग लगाने के रोमांच का मजा लेने के लिए उड़े थे, लेकिन इससे पहले कि वे कूद पाते, उनका विमान ही काल का ग्रास बन गया। फ्रांसीसी न्यूज चैनल बीएफएम टीवी ने इस हादसे में 11 लोगों के मारे जाने की बात कही है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि पूर्ण जांच और मलबे की पूरी तरह से तलाशी के बाद ही आधिकारिक तौर पर मृतकों का अंतिम आंकड़ा जारी किया जाएगा।

हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने साल्वाडोर एलेंडे स्ट्रीट और आसपास के पूरे इलाके को आम जनता के लिए सील कर दिया है, ताकि बचाव कार्य में किसी तरह की रुकावट पैदा न हो। फिलहाल यह एक बड़ा रहस्य बना हुआ है कि आखिर यह विमान क्रैश कैसे हुआ। क्या उड़ान में कोई तकनीकी खराबी आ गई थी, मौसम ने अचानक करवट ली थी या फिर यह पायलट की कोई बड़ी चूक थी? इन सभी सवालों के जवाब तलाशने के लिए फ्रांसीसी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। दुर्घटना के असल कारणों से पर्दा उठाने के लिए ब्लैक बॉक्स की युद्धस्तर पर तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *